सिवान AK-47 मामले पर संजय झा का बयान : तेजस्वी पर साधा निशाना, बोले- आंदोलन करना छात्रों का अधिकार, सरकार समाधान करेगी
पटना: जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुईAK-47 फायरिंग की घटना को लेकर बिहार सरकार का बचाव किया. उन्होंने कहा कि घटना के बाद राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित किया गया. संजय झा के मुताबिक,सरकार की ओर से जो भी कार्रवाई संभव थी,वह की गई है.
संजय झा ने कहा कि केंद्र सरकार ने भी छात्रों से जुड़े मुद्दों का समाधान किया है. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को खत्म करने की बात कही है. उनका कहना है कि सरकार छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और जरूरत के मुताबिक आगे भी कदम उठाए जाएंगे.
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए संजय झा ने आरोप लगाया कि वह‘पार्ट टाइम पॉलिटिक्स’करते हैं. उन्होंने कहा कि जब यह समस्या देशभर में उठी थी,उस समय तेजस्वी यादव विदेश में थे. संजय झा ने सवाल उठाया कि जब छात्रों की समस्याओं को सुना जा चुका है और आंदोलन खत्म हो चुका था,तो अब दोबारा आंदोलन क्यों किया जा रहा है.
उन्होंने राजद के संगठन को लेकर भी तेजस्वी यादव पर हमला बोला. संजय झा ने दावा किया कि तेजस्वी यादव की पार्टी बिखरने के कगार पर है और पार्टी पर उनका नियंत्रण पहले जैसा नहीं रहा. उन्होंने तेजस्वी यादव को अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देने की सलाह दी.
वहीं,छात्रों के प्रस्तावित महाआंदोलन को लेकर संजय झा ने कहा कि आंदोलन करना छात्रों का अधिकार है. अगर छात्रों के सामने कोई समस्या या मुद्दा है तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को सुनेगी और उनका समाधान करने का प्रयास करेगी.
संजय झा ने बिहार में हुई नियुक्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में जितनी बहाली हुई है,उतनी किसी दूसरे राज्य में नहीं हुई. उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों की जायज मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





