

रविवार, 13 सितंबर 2026
Live
जमशेदपुर: बीजेपी प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने रविवार को साकची जिला बीजेपी कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोक सेवक के रूप में 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रेस वार्ता को संबोधित किया.प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अमर बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे लंबे समय तक निरंतर सेवा देने का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है, बिना किसी अवकाश के उन्होंने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है.उनके कार्यकाल में पूरे देश में व्यापक बदलाव देखने को मिला है. उनका समर्पण हर राजनेता के लिए प्रेरणा का स्रोत है.उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के दिन से ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रारंभ होगा,जो एक माह तक चलेगा. इस अभियान का उद्देश्य सेवा को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ना है. यह कार्यक्रम पूरे देश के साथ-साथ झारखंड प्रदेश में भी व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा.अमर बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व की सशक्त अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करते हुए तीसरे स्थान पर पहुंचाना काबिले-तारीफ उपलब्धि है.
कोडरमा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी. कोडरमा में बीजेपी ने प्रेस वार्ता कर अभियान की जानकारी दी.प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा.विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 13 साल गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 साल देश के प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा की है. उनके नेतृत्व में देश ने विकास की नई गति पकड़ी है और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचा है.उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है.इसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बीजेपी कार्यकर्ता एक महीने तक सेवा कार्य करेंगे.विधायक ने बताया कि 17 सितंबर को पीएम के जन्मदिन पर शाम 7 बजे घर-घर दीपक जलाकर उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की जाएगी.
रांची:राजधानीके सैनिक मार्केट स्थित आजाद फार्मेसी में अचानक आग लग गई. आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि दुकान में पानी के रिसाव के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ,जिसके बाद आग लग गई. हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया. किसी तहर की कोई हताहत नहीं हुई है. घटना के बाद सैनिक मार्केट के मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.रांची के सैनिक मार्केट में आजाद फार्मा दुकान में अचानक आग लगने के बाद आस-पास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक दुकान के आस-पास पानी का रिसाव हो रहा था. इसी पानी के कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने की बात सामने आ रही है,जिसके बाद दुकान में आग लगी. राहत की बात ये है कि बड़ा हादसा होने से टल गया. घटना के बाद सैनिक मार्केट के मेंटेनेंस को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर मार्केट में पानी का रिसाव क्यों हुआ और बिजली की वायरिंग के आस-पास सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए-ये सवाल अब सामने आ रहे हैं.इस घटना ने सैनिक मार्केट की मेंटेनेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं. जरूरत है कि मार्केट प्रबंधन पानी के रिसाव और बिजली व्यवस्था की जांच कराए ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो सके.
धनबाद:जिले में देश की जानी-मानी होम अप्लायंसेज कंपनी यूनाइटेड एकता इंजीनियरिंग उद्योग एवं जुंटो होम प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से भव्य डीलर मीट का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में श्री गणेश एंटरप्राइजेज (SGE) के जाने-माने डिस्ट्रीब्यूटर अंकित सिंह सहित बड़ी संख्या में डीलर एवं विक्रेता बंधुओं ने हिस्सा लिया.मौके पर कंपनी के ईस्ट इंडिया हेड श्री विकास झा ने कहा कि कंपनी के होम अप्लायंसेज उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद हैं, जिन्हें ग्राहकों को बेहतर एवं आकर्षक कीमतों पर उपलब्ध कराया जा रहा है.उन्होंने बताया कि कंपनी अपने उपभोक्ताओं को पांच वर्ष की गारंटी एवं वारंटी प्रदान करती है और उसका बकायदा निर्वाह भी करती है.उन्होंने कहा कि बेहतर गुणवत्ता, उचित मूल्य और भरोसेमंद सेवा कंपनी की प्रमुख विशेषताएं हैं,जो इसे अन्य कंपनियों से अलग और बेहतर बनाती हैं.कंपनी के ASM दीपक लाल वर्मा ने भी डीलरों को कंपनी की आगामी योजनाओं एवं बिक्री रणनीति की जानकारी दी. आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए डीलरों के लिए विशेष आकर्षक स्कीम एवं गिफ्ट की भी घोषणा की गई.इस दौरान कंपनी के अधिकारियों ने डीलरों के साथ उत्पादों की गुणवत्ता, बिक्री बढ़ाने की रणनीति एवं आगामी व्यावसायिक योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की.कार्यक्रम में गणेश एंटरप्राइजेज (SGE) के डिस्ट्रीब्यूटर अंकित सिंह,ईस्ट इंडिया हेड श्री विकास झा एवं ASM श्री दीपक लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में डीलर एवं विक्रेता मौजूद रहे. डीलर मीट को लेकर सभी में काफी उत्साह देखने को मिला.
रांची: ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए कमर कस ली है. त्योहारों के मौसम में सबसे अधिक परेशानी जाम के कारण ही होती है. ऐसे में इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक्शन प्लान बनाया है, जिस पर अमल भी शुरू कर दिया गया है. इसके तहत लेफ्ट फ्री में अगर कोई वाहन एक मिनट भी खड़ा मिला, तो मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस उसकी तस्वीर खींचकर उसका चालान काट देगी. सामान्य तौर पर यह चालान 650 रुपये से 10000 रुपये तक का हो सकता है.12 से अधिक स्थानों पर है लेफ्ट फ्रीलोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए राजधानी के कई चौक पर लेफ्ट फ्री किया गया है. राजधानी में करमटोली चौक, जेल चौक, SSP आवास चौक, हॉट लिप्स चौक, सहजानंद चौक, अरगोड़ा चौक, सुजाता चौक, सर्जना चौक, सिरमटोली चौक (मुंडा चौक), कांटाटोली चौक, लालपुर चौक पर लेफ्ट फ्री किया गया है, ताकि रेड सिग्नल के समय बाएं जाने वाले वाहनों को रूकना न पड़े. लेकिन वाहन चालकों में सिविक सेंस नहीं होना या बिना मतलब का फोकाल दिखाना इसका मुख्य कारण है.चौक के सामने भी वाहन खड़े मिले, तो कटेगा चालानचौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से ऑटो और टोटो खड़े करने वालों पर भी कार्रवाई की जायेगी. इतना ही नहीं, किसी चौक के सामने सामान्य लोगों के दोपहिया या चारपहिया वाहन खड़े मिले, तो उनके खिलाफ भी चालान की कार्रवाई होगी. ट्रैफिक पुलिस ऐसे वाहनों की तस्वीर खींचकर चालान के लिए अपलोड करेगी और उनका चालान काट दिया जाएगा. चालान की जानकारी SMS के जरिए वाहन चालक के मोबाइल फोन पर भेजी जाएगी.इन वाहनों पर भी होगी कार्रवाईट्रैफिक पुलिस ब्लैक शीशा, फैंसी नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और रैश ड्राइविंग करने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई करेगी. साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने, निर्धारित सीट से अधिक यात्रियों को बैठाने तथा नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में भी कार्रवाई की जायेगी. ऑटो और टोटो चालकों के यूनिफॉर्म नहीं पहनने पर भी कार्रवाई होगी.टेप लगे नंबर प्लेट वाले वाहन पर विशेष नजरचालान से बचने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट पर टेप लगाकर या गलत तरीके से नंबर लिखने वालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा. ऐसे वाहनों पर MV ACT के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.स्कूल खुलने-बंद होने के समय रहेगी विशेष निगरानीसभी ट्रैफिक थाना प्रभारी स्कूल शुरू और छुट्टी होने के समय अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर यातायात व्यवस्था संभालेंगे. चौक-चौराहों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जायेगी.क्या कहते हैं ट्रैफिक SPट्रैफिक SP राकेश सिंह ने बताया कि लेफ्ट फ्री में वाहन खड़ी करने पर सामान्य रूप से नो पार्किंग का नॉर्मल फाइन 650 रुपये लगता है. यदि लेफ्ट फ्री में वाहन खड़ी करने पर कोई एंबुलेंस या इमरजेंसी वाहन रूकते हैं, तो ऐसी स्थिति में 10,000 रुपये फाइन का प्रावधान है.
रांची: झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवानों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य कर दिया गया है. हजारीबाग के जिला समादेष्टा कार्यालय द्वारा होमगार्ड जवानों के ड्रेस कोड और टर्न-आउट को लेकर एक महत्वपूर्ण सूचना और दिशा-निर्देश जारी किया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य के दौरान और कार्यालय आने-जाने के समय सभी गृह रक्षकों को निर्धारित पूर्ण वर्दी पहनना अनिवार्य होगा.जानिए क्या है मामला?जारी पत्र के अनुसार, यह देखा जा रहा था कि जिला इकाई के गृह रक्षकों द्वारा वर्दी धारण करने एवं साज-सज्जा (टर्न-आउट) में एकरूपता नहीं थी. अलग-अलग जवानों के पहनावे में भिन्नता पाई जा रही थी, जिससे बल के अनुशासन और प्रभावशाली छवि पर असर पड़ रहा था.नियमावली 2014 के तहत निर्देशगृह रक्षकों के पहनावे और टर्न-आउट को अनुशासित एवं प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से ‘झारखंड गृह रक्षक नियमावली 2014’ की कंडिका 12 का हवाला देते हुए यह आदेश जारी किया गया है. इसके तहत सभी जवानों को एक समान वर्दी एवं साज-सज्जा धारण करने का कड़ा निर्देश दिया गया है.आदेश का अनुपालन नहीं करने पर होगीअनुशासनात्मक कार्रवाईविभाग के अधीनस्थ बल के सभी गृह रक्षक अपने कर्तव्य के दौरान और कार्यालय आने-जाने के क्रम में अनिवार्य रूप से पूर्ण वर्दी धारण करेंगे. यदि कोई गृह रक्षक इस आदेश का अनुपालन नहीं करता है या लापरवाही बरतता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि इस निर्देश का अक्षरशः पालन किया जाना अनिवार्य है.
धनबाद:जिले केनिरसा थाना क्षेत्र के चापापुर ओसीपी क्षेत्र में रविवार को सीआईएसएफ जवानों और ग्रामीणों के बीच झड़प हुई है.जिसके के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है.आरोप है कि चापापुर ओसीपी के पास लकड़ी चुनने जा रही एक महिला को कोयला चोर बताकर सीआईएसएफ जवानों ने पिटाई कर दी. महिला के साथ मारपीट की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने सीआईएसएफ वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए जवानों से भिड़ गए.स्थिति बिगड़ते देख जवानों द्वारा फायरिंग करने का भी आरोप है, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया. घटना के बाद सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे और घायल महिला के समुचित इलाज व मुआवजे की मांग पर डटे हुए हैं.मामले की जानकारी मिलते ही जेएमएम नेता प्रशांत हेंब्रम मौके पर पहुंचे और दोषी जवानों पर कार्रवाई की मांग की. फिलहाल मौके पर तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है.
रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 जमा करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ने पात्र भारतीय नागरिकों,खासकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से समय रहते फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करने की अपील की है.युवाओं से फॉर्म-6 और घोषणा पत्र जमा करने की अपीलमुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे ECINET या संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भर सकते हैं. उन्होंने कहा कि अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र भारतीय नागरिक भी 15 सितंबर तक फॉर्म-6 जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करें.फॉर्म-6 जमा नहीं करने परमतदाता सूची में नाम नहीं होगा शामिलउन्होंने बताया कि SIR के तहत तैयार मतदाता सूची को स्थायी दस्तावेज के रूप में संधारित किया जाता है. समय पर फॉर्म-6 जमा नहीं करने पर वर्तमान SIR मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो सकेगा. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस सूची और पूर्व के SIR दस्तावेजों की मैपिंग का लाभ मतदाताओं और उनके बच्चों को मिल सकता है.75 मतदान केंद्रों पर एक भी फॉर्म-6 नहीं13 सितंबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों की मतदान केंद्रवार समीक्षा में सामने आया कि झारखंड के कुल 31,892 मतदान केंद्रों में से 75 केंद्रों पर अभी तक एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है. वहीं, 5,591 मतदान केंद्रों पर केवल 1 से 5 आवेदन मिले हैं.इसके अलावा 8,618 केंद्रों पर 6 से 10, 11,329 केंद्रों पर 11 से 20, 4,076 केंद्रों पर 21 से 30 और 2,203 मतदान केंद्रों पर 30 से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं.रांची में सबसे ज्यादा शून्य आवेदन वाले केंद्रशून्य फॉर्म-6 वाले मतदान केंद्रों में रांची जिले के 62 केंद्र शामिल हैं. विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों में कांके (अ.जा.) सबसे आगे है, जहां 52 मतदान केंद्रों पर अभी तक एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है.वहीं,1 से 5 फॉर्म-6 वाले मतदान केंद्रों में रांची के 904, हजारीबाग के 628, गिरिडीह के 515, देवघर के 455 और चतरा के 369 केंद्र शामिल हैं.राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपीलमुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने BLA-2 को सक्रिय करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि BLA-2 अपने क्षेत्र के पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें और ECINET या बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के निर्माण में राजनीतिक दल महत्वपूर्ण हितधारक हैं, इसलिए उनसे सक्रिय सहयोग अपेक्षित है।
रांची: JSSC नियुक्ति घोटाला मामले पर सियासत थमने का नाम नहीं ले रहा.नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने CID जांच में लीपापोती और प्रभावशाली लोगों को बचाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि जांच की दिशा को लेकर ऐसी शिकायतें मिल रही हैं, जिनसे सच्चाई दबाने और बड़े नामों को बचाने की आशंका पैदा होती है।बाबूलालमरांडी ने बताया कि पूछताछ के दौरान कुछ लोग हाईप्रोफाइल नेता,अधिकारी या बिचौलियों के जरिए रिश्वत के लेन-देन और उनकी कथित संलिप्तता की जानकारी देते हैं, लेकिन बयानों से ऐसे हिस्से हटाए जाने की शिकायत सामने आ रही है. उन्होंने कहा कि यदि ये शिकायतें सही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है.बयान की वीडियोग्राफी की मांगनेता प्रतिपक्ष ने संवेदनशील मामले में बयान दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि मूल रिकॉर्डिंग को बिना छेड़छाड़ सुरक्षित रखा जाना चाहिए, ताकि बाद में किसी बयान में बदलाव की गुंजाइश न रहे.मरांडी ने कहा कि जांच का उद्देश्य सच्चाई सामने लाना होना चाहिए, न कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाना. उन्होंने छोटे अधिकारियों और कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाए जाने की आशंका भी जताई.CBI जांच की मांगबाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से JSSC नियुक्ति घोटाले की CBI जांच की अनुशंसा करने की मांग की. उन्होंने कहा कि जांच को प्रभावित करने, बयान से नाम हटाने, डिजिटल साक्ष्य मिटाने या साक्ष्यों को दबाने की शिकायतों की भी जांच होनी चाहिए.उन्होंने सभी मूल बयान, वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मामले में असली दोषियों के साथ उन्हें बचाने वालों की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए.
रांची : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के प्रथम घटक लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत आवास निर्माण (BLC)के तहत चयनित लाभुकों को रांची नगर निगम की ओर से स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया. नगर निगम कार्यालय में आयोजित स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम में मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने 34 चयनित लाभुकों को व्यक्तिगत आवास निर्माण के लिए सांकेतिक रूप से स्वीकृति पत्र प्रदान किया. शेष चयनित लाभुकों को उनके संबंधित वार्ड पार्षद के माध्यम से स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराया जाएगा.यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र शहरी परिवारों को स्वयं का पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लाभुकों के आवास संबंधी सपने को साकार करने में सहायता मिलेगी और उनके जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा सुनिश्चित होगी. वित्तीय वर्ष 2025_26 और 2026_27 के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लिए अब तक कुल 2,896 लाभुकों का चयन किया जा चुका है. इस मौके पर विभिन्न वार्डों के पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, CLTC, नगर प्रबंधक समेत रांची नगर निगम के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट--
गिरिडीह :दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में जिले के पीरटांड़ के सिद्धो-कान्हू मध्य विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई.सभा में मंत्री चमरा लिंडा, दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा, पूर्व मंत्री बेबी देवी, पूर्व विधायक केदार हाजरा और झारखंड आंदोलनकारी हीरालाल महतो समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.कार्यक्रम की शुरुआत सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई. वक्ताओं ने उनके राजनीतिक जीवन, जनसेवा और क्षेत्र के विकास में योगदान को याद किया. सभी ने उनके निधन को पार्टी, सरकार और जनता के लिए अपूरणीय क्षति बताया. मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि उनके अधूरे कार्यों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी. वहीं पूर्व मंत्री बेबी देवी ने दिवंगत नेता को याद करते हुए भावुक हो गईं और मंच पर ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े. हीरालाल महतो भी भावुक नजर आए. अंत में एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई.
रांची : संत जेवियर्स कॉलेज, राँची में हिन्दी विभाग और हिन्दी साहित्य परिषद के तत्वावधान में IQAC के सहयोग से हिन्दी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. हिन्दी और हम इसका विषय था.इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने कहा कि भाषा न केवल संवाद का माध्यम है बल्कि भाषा के बदौलत ही ज्ञान की अभिव्यक्ति होती है. इसके साथ-साथ प्राचार्य ने कहा कि भाषा केवल वार्तालाप एवं अभिव्यक्ति से ही समृद्ध नहीं हो सकती बल्कि उसमें शोध की वृहद संभावनाएं तलाशनी होगी. इस अवसर पर हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार भाटिया ने विषय प्रवेश कराते हुए हिन्दी की यात्रा पर विहंगम दृष्टि डाली.कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि आकाशवाणी राँची के कार्यक्रम अधिशाषी डॉ. पंकज मित्रा ने अपने वक्तव्य में कहा कि हिन्दी और हम विषय बड़ा व्यापक है. हम में लोकतंत्र की शक्ति छिपी हुई है. इसीलिए संविधान के प्रस्तावना में हम शब्द का प्रयोग किया गया है. उन्होंने आगे कहा कि आग और पहिए के आविष्कार के बाद भाषा का आविष्कार मनुष्य के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है. वर्तमान समय में भाषा न केवल अभिव्यक्ति का माध्यम है बल्कि एक महत्वपूर्ण औजार भी है. उन्होंने आगे कहा कि स्वतंत्रता के समय हिन्दी ने ही भारत को एक सूत्र में पिरोने का काम किया था. अंग्रेजों ने भले ही हिन्दी को नीचा दिखाने की कोशिश की किंतु देश के बड़े नेता महात्मा गांधी,जवाहरलाल नेहरू,सरदार वल्लभभाई पटेल,एवं सुभाष चंद्र बोस ने हिन्दी को राष्ट्र भाषा बनाने की वकालत की थी. मौके पर मुख्य अतिथि आकाशवाणी राँची के वरिष्ठ उद्घोषक कुमार बृजेंद्र ने कहा कि जंगे आज़ादी एवं भारत के निर्माण में हिन्दी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. साथ-साथ उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में हिन्दी की संभावनाओं पर बात की. उन्होंने बड़ी बात यह कही कि हिन्दी में विभिन्न भाषाओं के शब्दों को समाहित करने की अपार समता है.हिन्दी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया. मौके पर उप-प्राचार्य डॉ. फादर अजय अरुण मिंज एसजे, इंटरमीडिएट प्राचार्य फादर अजय तिर्की, बीएड विभागाध्यक्ष फादर फ्लोरेंस पूर्ति, बर्सर फादर रवि हेमंत कुजूर, डॉ. मेल्टिना टोप्पो एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाओं तथा बड़ी संख्या में कॉलेज के विद्यार्थियों की उपस्थिति रही.
गिरिडीह : जेएसएससी-सीजीएल मामले को लेकर गिरिडीह में शनिवार को भाजपा ने हेमन्त सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. स्टेडियम परिसर में जुटे भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने बैनर-तख्तियों के साथ जुलूस की शक्ल में न्यू समाहरणालय पहुंचे. इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और युवाओं व छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया गया.प्रदर्शन में राज्य के प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व सांसद रवींद्र राय, जमुआ विधायक मंजू कुमारी, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. समाहरणालय के समीप नेताओं ने जेएसएससी-सीजीएल मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए.बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर युवाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की. वहीं, रवींद्र राय ने युवाओं के आंदोलन को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की बात कही.
रांची: झारखंड मेंJSSC-CGLके चयनित अभ्यर्थियों ने रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि वे वर्तमान में नौकरी कर रहे हैं,लेकिन उन पर पैसे देकर नौकरी हासिल करने के आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सिर्फ भीड़ तंत्र के वजह से एग्जाम कैंसिल करना गलत है,अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने किसी तरह की गड़बड़ी या पैसे के बल पर नौकरी हासिल नहीं की है,बल्कि सालों तक पढ़ाई और मेहनत करने के बाद उनका चयन हुआ है. उन्होंने कहा कि वे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं,ऐसे में 35 से 40 लाख रुपये देकर नौकरी हासिल करने का आरोप पूरी तरह गलत है.चयनित अभ्यर्थियों ने कहा कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए,उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. लेकिन सभी चयनित अभ्यर्थियों की नौकरी रद्द कर देना न्यायसंगत नहीं है. उनका कहना है किCIDमामले की जांच कर रही है और कोर्ट भी पूरे मामले को देख रहा है,इसलिए जांच के आधार पर दोषियों को सजा मिलनी चाहिए.प्रेस वार्ता के दौरान कुछ अभ्यर्थी भावुक भी हो गए. उन्होंने कहा कि इस पूरे विवाद का असर सिर्फ उन पर नहीं,बल्कि उनके परिवारों पर भी पड़ रहा है. उनका कहना था कि जिन लोगों ने आंदोलन किया है,वे उनके साथ हैं,लेकिन निर्दोष चयनित अभ्यर्थियों को नौकरी से हटाना सही नहीं है. एक चयनित अभ्यर्थी ने भावुक होते हुए कहा कि उन पर 35 से 40 लाख रुपये देकर नौकरी लेने का आरोप लगाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वे आदिवासी और गरीब परिवार से आते हैं और उनकी मां घर पर रहती हैं. ऐसे में इतना पैसा जुटाकर नौकरी लेना उनके लिए संभव ही नहीं है. अभ्यर्थी ने यह भी बताया कि कोर्ट के फैसले के बाद उनकी नौकरी लगी थी. उन्होंने कहा कि पहले वेITBPमें काम करते थे और नौकरी लगने के बाद उन्होंने वहां की नौकरी छोड़ दी. अब अगरJSSC CGLकी नौकरी भी चली जाती है तो उनके सामने भविष्य को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो जाएगा.चयनित अभ्यर्थियों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो,दोषियों पर कार्रवाई हो,लेकिन बिना दोष साबित हुए सभी चयनित अभ्यर्थियों को नौकरी से हटाना नहीं चाहिए.
रांची : पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड का तीन दिवसीय अंतर-क्षेत्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का रांची में शनिवार को समापन हुआ. इस प्रतियोगिता में देशभर से खिलाड़ी जुटे थे.पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक नितिन कुमार श्रीवास्तव ने समापन समारोह में खिलाड़ियों के हौसला आफजाई के लिए शामिल हुए. उन्होंने बताया काम और तनाव के बीच खेल काफी मददगार होता है. कर्मचारियों के लिए यही वजह है हर साल किसी न किसी खेल का आयोजन सबके लिए किया जाता है. इसमें सभी लोग खेल के साथ पूरा आंनद लेते हैं.
रांची: झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन2030में होनेवाले कॉमन वेल्थ गेम को लेकर कमर कस चुका है. शनिवार को रांची स्थित झारखंड ओलिंपिक एसोसिएशन के कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड बोलिंग एसोसिएशन के सचिव मधुकांत पाठक ने बताया कि2030के कॉमन वेल्थ गेम के इस खेल में झारखंड की भागीदारी अधिक से अधिक हो,इसके लिए संघ ने पांच वर्षों की कार्य योजना तैयार की है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ मिलकर जल्द ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की जाएगी.खिलाड़ियों के अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में चयन तथा आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए उनको विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है. वर्ल्ड टॉप थ्री रहे और वर्तमान में वर्ल्ड के टॉप टेन खिलाड़ी दिनेश कुमार उन्हें प्रशिक्षित कर रहे हैं. इन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय खेलों में जीत दर्ज की है.प्रेसवार्ता में अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन के खिलाड़ी भी मौजूद थे. पांच से सोलह नवंबर तक हांगकांग में आयोजित हांगकांग क्लासिक चैंपियनशिप में भाग लेने देश से पांच खिलाड़ी जा रहे हैं, जिनमें एक पुरुष और एक महिला खिलाड़ी झारखंड से हैं. इन खिलाड़ियों ने वहां जीत का भरोसा दिलाया.
रांची : एचईसी प्रबंधन (HEC)ने एक बार फिर एचईसी क्षेत्र में अवैध रूप से बसे 32 बस्तियों को खाली करने का निर्देश दिया है. एचईसी प्रबंधन के इस निर्देश के बाद 32 बस्तियों में रहने वाले लोग आक्रोशित हैं. शनिवार को बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के नेतृत्व में संबंधित बस्तियों में रहने वालों ने एचईसी मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन भी किया. हालांकि पुलिस-प्रशासन ने उन्हें स्मार्ट सिटी के समीप ही रोक दिया.पुलिस-प्रशासन की पहल पर एचईसी मुख्यालय की ओर से बस्ती बचाओ संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया. मोर्चा की ओर से वार्ता में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को भेजने की तैयारी की गई थी, लेकिन एचईसी प्रबंधन की ओर से मात्र 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को ही वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया. बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक मिंटु पासवान ने कहा कि सात सितंबर को एचईसी प्रबंधन की ओर से नोटिस जारी किया गया है, जिसमें एचईसी क्षेत्र स्थित सभी दुकान, मकान और बस्ती वासियों को बेघर करने की तैयारी की गई है. उन्होंने यह भी कहा कि एचईसी प्रबंधन को साल 2005 से ही बार-बार कहा जा रहा है कि वे अपने उत्पादन पर ध्यान दें. एचईसी प्रबंधन की ओर से कर्मियों को पिछले 37 महीने से बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है. फिर भी एचईसी प्रबंधन की ओर से कर्मियों पर ध्यान न देकर गरीब बस्ती वासियों को परेशान किया जा रहा है.जमीन एचईसी की है,लेकिन 32 बस्तियों में रहने वाले लोग पिछले 50-60 वर्षों से अपना आशियाना बनाकर रह रहे हैं. सिर्फ यही नहीं,होल्डिंग टैक्स,जल कर और बिजली बिल का भी भुगतान कर रहे हैं. इसके बावजूद बार-बार उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है. आज एचईसी प्रबंधन और सरकार उद्योगपतियों को बसाने के लिए बस्ती वासियों को उजाड़ने पर आमादा है. एचईसी प्रबंधन की ओर से जिन बस्ती वासियों को नोटिस दिया गया है,उनमें बाइपास,सुंदरनगर,जगन्नाथपुर,न्यू कॉलोनी,सेक्टर-1 मार्केट,गायत्री नगर,पटेल नगर,मामा नगर समेत कुल 32 बस्ती शामिल हैं.रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट-
रामगढ़ : सुप्रीम कोर्ट के जज एवं झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश जस्टिस चंद्रशेखर ने शनिवार को रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे. वहां उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की और मां से आशीर्वाद मांगे. मंदिर परिसर में उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया. वहीं पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया.सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस चंद्रशेखर का मां छिन्नमस्तिका मंदिर के वरिष्ठ पुजारी सोनू बाबा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनकी विशेष पूजा-अर्चना कराई. जस्टिस चंद्रशेखर ने मां के दरबार में मत्था टेक कर देश-प्रदेश की सुख-शांति की कामना की. वो मूल रूप से रांची के हैं और 2 जून 2026 से सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में हैं.रामगढ़ से मुकेश कुमार की रिपोर्ट-
जमशेदपुर:राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST)की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT)जमशेदपुर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में आयोग के पदाधिकारीगण तथाNITजमशेदपुर के निदेशक प्रोफेसर डॉ. गौतम सूत्रधार सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.बैठक में जनजातीय समाज से जुड़े विभिन्न विषयों,जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं,आरक्षण रोस्टर,कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई. डॉ. आशा लकड़ा जी ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए जनजातीय हितों से जुड़े मामलों के प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.इससे पूर्व डॉ. आशा लकड़ा जी नेNITजमशेदपुर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया. उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा,अध्ययन के दौरान आने वाली समस्याओं,आवश्यकताओं एवं भविष्य की आकांक्षाओं की जानकारी ली. उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत,अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं तकनीकी ज्ञान युवाओं के सशक्तिकरण तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है.संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं,सुझावों एवं अपेक्षाओं को आयोग की माननीय सदस्य के समक्ष रखा. डॉ. आशा लकड़ा जी ने विद्यार्थियों द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल एवं समाधान का आश्वासन दिया.