Hindi News / दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर तेजस्वी यादव की जुबान फिसली, जीतन राम मांझी...

BIHAR POLITICS : दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर तेजस्वी यादव की जुबान फिसली, जीतन राम मांझी का नाम लेने पर बिहार में सियासी घमासान

Edited By:  |
bihar politics bihar politics

पटना: दशरथ मांझी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से ऐसी चूक हो गई,जिसने बिहार की राजनीति में नई बयानबाजी को जन्म दे दिया. अपने संबोधन के दौरान तेजस्वी यादव ने पर्वत पुरुष दशरथ मांझी की जगह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का नाम ले लिया. हालांकि,मंच से टोके जाने के बाद उन्होंने तत्काल अपनी गलती सुधार ली और दशरथ मांझी का नाम लिया.

तेजस्वी यादव के इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी इस मौके को लेकर तेजस्वी पर तीखा तंज कसा. उन्होंने सोशल मीडिया पर तेजस्वी के वीडियो को साझा करते हुए कटाक्ष किया और कहा कि लगता है कि बाबू साहब का रात वाला अभी उतरा नहीं था,इसलिए उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है.

जीतन राम मांझी ने अपने पोस्ट में शराब को लेकर भी तंज भरी टिप्पणी की. उनके बयान के बाद राजनीतिक विवाद और तेज हो गया. भाजपा नेताओं ने भी तेजस्वी यादव की जुबान फिसलने को लेकर उन पर निशाना साधा और इसे राजनीतिक मंच पर हुई बड़ी चूक बताया.

हालांकि,पूरे घटनाक्रम में तेजस्वी यादव ने अपनी गलती को मंच पर ही सुधार लिया था. इसके बावजूद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद इसे लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया.

दशरथ मांझी बिहार के प्रसिद्ध पर्वत पुरुष के रूप में जाने जाते हैं. उनके जीवन और संघर्ष को लेकर बिहार में विशेष सम्मान है. ऐसे में उनकी पुण्यतिथि के कार्यक्रम में नाम को लेकर हुई यह चूक राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-