Hindi News / CBI ने कोर्ट में सौंपी स्टेटस रिपोर्ट, अब 1 जून को होगी...

शंभू गर्ल्स हॉस्टल केस में जांच तेज : CBI ने कोर्ट में सौंपी स्टेटस रिपोर्ट, अब 1 जून को होगी अगली सुनवाई

Edited By:  |
shambhu girls hostel case mai janch tej shambhu girls hostel case mai janch tej

पटना: पटना के चर्चित शंभू गर्ल्स हॉस्टल केस में जांच लगातार तेज होती जा रही है. नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई ने शुक्रवार को पॉक्सो एक्ट के स्पेशल जज की अदालत में अपनी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की. कोर्ट में पेश रिपोर्ट में जांच एजेंसी ने अब तक हुई कार्रवाई और जुटाए गए साक्ष्यों की विस्तृत जानकारी दी. मामले की अगली सुनवाई अब 1 जून को होगी.

सीबीआई ने अदालत को बताया कि छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की गहन जांच की जा रही है. छात्रा के इलाज से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड,दवाइयों की पर्चियां और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज नई दिल्ली स्थित मल्टी इंस्टीट्यूशनल मेडिकल बोर्ड को भेजे गए हैं. इसके अलावा संदिग्ध दस्तावेजों की हैंडराइटिंग जांच के लिए सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री की मदद ली जा रही है.

जांच एजेंसी ने यह भी बताया कि स्थानीय पुलिस द्वारा जब्त किए गए नौ मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच जारी है. इनमें हॉस्टल संचालक और मुख्य आरोपी मनीष रंजन के मोबाइल फोन भी शामिल हैं. मोबाइल से मिले डेटा,चैट और डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण किया जा रहा है. वहीं हॉस्टल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना वाले दिन की पूरी गतिविधि को समझा जा सके.

यह मामला सामने आने के बाद पूरे बिहार में काफी चर्चा है और लोग जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं. अब सबकी नजर 1 जून को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हुई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-