असम दंडाधिकारी अपहरण प्रयास मामले में बड़ा खुलासा : बिहार STF की कार्रवाई में झारखंड भाग रहे तीन आरोपी गिरफ्तार
पटना : असम के नलबाड़ी जिले के प्रथम श्रेणी दंडाधिकारी के अपहरण के प्रयास मामले में बिहार एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है. इस हाई-प्रोफाइल मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को टीम ने झारखंड भागने के दौरान गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी स्विफ्ट कार से पूर्णिया के रास्ते झारखंड में छिपने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बिहार एसटीएफ ने सूचना के आधार पर पीछा कर उन्हें डगरूआ थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास धर दबोचा.
कार्रवाई के दौरान तीनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया और उनके पास से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. बरामद मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, ताकि घटना से जुड़े डिजिटल सबूतों को खंगाला जा सके.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार, प्रभु साव और सुनील कुमार पासवान के रूप में हुई है. ये तीनों झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र के बेदगी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है.
यह घटना13मई की बताई जा रही है, जब कुछ अज्ञात अपराधियों ने असम के नलबाड़ी जिले में दंडाधिकारी के अपहरण का प्रयास किया था. घटना के दौरान स्थानीय लोगों की सतर्कता से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जबकि अन्य फरार हो गए थे.
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों और साजिश से जुड़ी अहम जानकारी मिली है. इसी इनपुट के आधार पर बिहार एसटीएफ ने यह ताजा कार्रवाई की है.
फिलहाल यह मामला असम के नलबाड़ी जिले के घोघरापार थाना में दर्ज है और दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर पूरे गिरोह की जांच में जुटी हुई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





