बिहार पुलिस में बंपर बहाली का ऐलान : सिपाही से दारोगा तक 37 हजार 978 पदों पर होगी सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरु
पटना: बिहार के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य सरकार ने बिहार पुलिस में बड़े पैमाने पर बहाली का फैसला लिया है. सिपाही से लेकर दारोगा तक कुल 48 हजार 447 नए पदों का सृजन किया गया है,जिनमें से 37 हजार 978 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी. गृह विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इस फैसले का उद्देश्य राज्य में पुलिस बल को मजबूत करना और कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाना है.
जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा 27 हजार 510 पद सिपाही और समकक्ष श्रेणी के होंगे. इनमें सामान्य सिपाही के साथ चालक सिपाही के पद भी शामिल हैं. वहीं बिहार पुलिस में दारोगा यानी पुलिस अवर निरीक्षक के कुल 20 हजार 937 पद निर्धारित किए गए हैं. इनमें आधे पदों पर सीधी नियुक्ति होगी,जबकि बाकी पद प्रोन्नति के जरिए भरे जाएंगे.
राज्य सरकार ने डायल-112 सेवा को और मजबूत करने का भी निर्णय लिया है. इसके तहत दूसरे चरण में 19 हजार 288 नए पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी. इसमें सिपाही,हवलदार,चालक,एएसआई,एसआई और इंस्पेक्टर स्तर के पद शामिल हैं.
इसके अलावा राजधानी पटना में शहरी पुलिसिंग और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एएसपी नगर व्यवस्था का नया पद भी बनाया गया है. इस पद के तहत दानापुर,खगौल और फुलवारीशरीफ क्षेत्रों में समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा.
सरकार के इस फैसले से लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत अधिसूचना जारी की जा सकती है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





