पटना में जदयू की सक्रियता बढ़ी : नेताओं की अहम मुलाकातों से संगठन और सियासी रणनीति को मिली नई दिशा
पटना: राजधानी पटना में जदयू के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है और शीर्ष नेताओं के बीच लगातार मुलाकातों का दौर जारी है. पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और जद(यू) विधान मंडल दल के नेता श्रवण कुमार के बीच हुई हालिया मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है. यह बैठक पटना स्थित संजय झा के आवास पर आत्मीय माहौल में हुई,जहां संगठनात्मक मजबूती और राज्यहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
दोनों नेताओं के बीच जदयू संगठन को और अधिक मजबूत करने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया. आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी सहमति बनी और पार्टी के अंदरूनी समीकरणों पर गंभीर मंथन हुआ. बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी दोनों नेताओं ने साझा विचार रखे,जिससे यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि जदयू अपने संगठनात्मक ढांचे को और सुदृढ़ करने की दिशा में सक्रिय है.
इस मुलाकात के साथ ही श्रवण कुमार ने बिहार विधानसभा में भी महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट की. उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार और उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव से मुलाकात कर जद(यू) विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मिले स्नेह और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया. यह मुलाकात विधानसभा परिसर में हुई,जहां उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया.
राजनीतिक जानकारों के अनुसार,इन लगातार बैठकों और संवाद से जदयू के भीतर बेहतर समन्वय और एकजुटता के संकेत मिल रहे हैं. पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच इस तरह का संवाद आने वाले समय में राजनीतिक रणनीतियों को और धार देने का काम करेगा. बिहार की राजनीति में इन मुलाकातों के कई मायने निकाले जा रहे हैं और इसे जदयू की आंतरिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





