गया: जिले के अतरी प्रखंड स्थित डिहुरी गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई,जब गेहूं की खड़ी फसल में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 1000 बीघा में फैली गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया. कुछ ही घंटों में मेहनत की पूरी फसल जलकर राख हो गई,जिससे किसानों को भारी आर्थिक झटका लगा है.

1000 बीघा गेहूं की फसल राख, किसानों को भारी नुकसान

स्थानीय किसानों के मुताबिक,आग की शुरुआत पड़ोसी गांव में गेहूं के अवशेष यानी पराली जलाने से हुई. तेज हवा के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं और डिहुरी गांव के खेतों तक पहुंच गईं. किसानों का कहना है कि यह घटना लापरवाही का नतीजा है,जबकि कुछ लोगों ने इसे जानबूझकर की गई हरकत भी बताया है.

आग लगने के बाद गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीण और किसान अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए,लेकिन आग की भयावहता के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए.

इस घटना के बाद प्रभावित किसानों में भारी आक्रोश है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही,जिन किसानों की फसलें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई हैं,उन्हें शीघ्र और उचित मुआवजा दिया जाए,ताकि वे इस भारी नुकसान से उबर सकें.

गयाजी से मनोज सिंह की रिपोर्ट --