Hindi News / एर्नाकुलम-पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के आगे कूदकर युवक ने दी जान, स्टेशन पर...

पटना जंक्शन पर दर्दनाक हादसा : एर्नाकुलम-पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के आगे कूदकर युवक ने दी जान, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

Edited By:  |
patna junction per dardanaak hadsa patna junction per dardanaak hadsa

Patna : पटना जंक्शन पर गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई,जब एक युवक ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी. घटना प्लेटफार्म संख्या-एक की बताई जा रही है,जहां ट्रेन संख्या 22643 एर्नाकुलम-पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस पहुंच रही थी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक ट्रेन के सामने कूद गया,जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया.

मृतक की पहचान झारखंड के दुमका जिले के मोहनपुर निवासी टार्जन किस्कू के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक प्लेटफार्म पर गश्त कर रही आरपीएफ टीम की नजर युवक पर पहले से थी. जवानों ने उसे कई बार पटरी के पास जाने से रोका और सावधान भी किया था. हालांकि कुछ देर बाद युवक अचानक ट्रेन के सामने कूद गया.

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया. शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल देखा गया. रेलवे प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--