BIHAR NEWS : नीतीश जी बिहार में उद्योगों की क्रांति ला रहे हैं - मनीष कुमार वर्मा


खगड़िया:- खगड़िया जिले की अलौली विधानसभा में शुम्भा सरस्वती मैदान में आयोजित एनडीए विधानसभा-स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा ने भाग लिया।उक्त कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि एनडीए के पांच दल एक पंजे की भांति है, हर दल की एक विशेषता है, जनाधार है। इसकी एकता से विपक्ष को धराशाई करना है, कार्यकर्ताओं को यह संदेश सभी बूथों तक ले जाना है।
पूरे प्रदेश में एनडीए की हवा चल रही है, अब हवाएं ही करेगी रोशनी का फैसला, जिस दिए में तेल होगा, वही जल पाएगा। विपक्ष के दिये में तेल नहीं है। एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुटता से रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बीस साल पहले जनता ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया और नीतीश कुमार को गद्दी पर बैठाया था। उसी फैसले के कारण बिहार में विकास हुआ है।2025का चुनाव भी उसी तरह के महत्वपूर्ण फैसले की घड़ी है। एक तरफ ऐसे लोग हैं जिन्होंने बिहार को बदहाल कर डाला और सिर्फ अपने परिवार का हित सोचा। दूसरी तरफ नीतीश कुमार जी हैं, जो विकास की क्रांति लाए हैं। यह नीतीश कुमार जी की शक्ति है कि जिस राज्य में चारों तरफ गुंडा, बदमाश काबिज थे, उस बिहार में नीतीश कुमार ने शांति स्थापित किया। तभी विकास हुआ। विकास तभी संभव है जब शांति होगी।
नीतीश जी ने हर क्षेत्र में काम किया। बिहार में अब बेहतर सड़के हैं। अब मात्र पांच घंटे में किसी भी कोने से पटना पहुंच सकते हैं। पटना से पूर्णिया का एक्सप्रेसवे बन रहा है, उसके क्रांतिकारी परिवर्तन होंगे। अलौली में भी उसका लाभ मिलेगा। यदि आप उचित फैसला लेते हैं तो यहां पर भी उसी तरह विकास की धारा बहेगी। इस बार गलती नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बार एक करोड़ रोजगार देने की घोषणा की है। जो लोग भरमाते है, उनके भ्रम में मत आइएगा। प्रशांत किशोर की तरफ इशारा करते हुए कहा कि "वो जो कार्ड बना के लोगों को देते हैं, उनको आधार कार्ड, मोबाइल नंबर मत दीजिए। कार्ड वाले ठग पैसा निकाल लेते हैं। उनके चक्कर में मत आइए।"
वो गांधी की फोटो लगा कर शराब की बात करते हैं। ध्यान रखें कि वो जिस बस्ते की बात करते है उस बस्ते में किताब नहीं दारू का बोतल होगा। महागठबंधन के नेताओं राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि "ये जो दो राजकुमार घूम रहे हैं। उनमें एक आजकल जननायक कहे जा रहे हैं। पहले बिहार नहीं आते थे। अब बिहार आ कर कर्पूरी ठाकुर का टाइटल छीनना चाहते हैं। अगर ये बिहार को कुछ दे नहीं सकते हैं तो टाइटल तो मत छीने।"
दूसरे पटना के सड़क पर डांस करते हैं। उनको समझना चाहिए कि सड़क चलने के लिए होती है, डांस करने के लिए नहीं। ये कहते हैं कि इनके माता-पिता मुख्यमंत्री थे, इसलिए इनको भी बना दीजिए। लेकिन जब ये अपने परिवार को भी एक नहीं रख सकते हैं, तब ये बिहार को क्या एक रखेंगे।
उन्होंने सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि "नीतीश जी ने125यूनिट बिजली मुफ्त कर दी और अब सभी महिलाओं को रोजगार के लिए बड़ी घोषणा हुई है। नीतीश जी बिहार में अब औद्योगिक क्रांति लाना चाहते हैं। इसलिए एनडीए को मजबूत करें।"
इस मौके पर उपस्थित प्रमुख लोगों में मद्यनिषेध मंत्री रत्नेश सदा, पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन, लोजपा नेता श्यामदेव पासवान, रालोमो नेत्री स्मृति कुमुद, हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा के नेता निलेश कुमार थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष बबलू मंडल ने की, जबकि संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत ने किया।