मस्ती के मूड में फिर नजर आए CM नीतीश : मंत्री अशोक चौधरी का फिर लड़ाया माथा, कंधे पर सिर रखकर कहा - हम इनसे बहुत प्रेम करते हैं


PATNA : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एकबार फिर मस्ती के मूड में नज़र आए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एकबार फिर भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी के साथ मजाकिया मूड में नज़र आए। सीएम नीतीश कुमार उनका सिर पकड़कर जेडीयू नेता छोटू सिंह के साथ लड़ाते दिखे।
नीतीश ने फिर किया ऐसा काम...सब रह गये हैरान
सीएम नीतीश ने जब फिर से मंत्री अशोक चौधरी का सिर लड़ाया तो वहां मौजूद हर शख्स हैरान रह गया। हालांकि, इसके बाद नीतीश कुमार का मंत्री अशोक चौधरी के प्रति प्रेम भी छलक पड़ा। वे मंत्री अशोक चौधरी के गले लिपट पड़े। कहने लगे, हम इनसे प्रेम करते हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि हम इनको यानी अशोक चौधरी को देखते हैं तो देखकर खुश होते हैं।
मस्ती के मूड में नजर आए सीएम नीतीश
दरअसल, ये पूरा मामला उस वक्त हुआ, जब गुरुवार को स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री के जन्मदिवस के अवसर पर राजकीय समारोह का आयोजन एसके मेमोरियल हॉल परिसर में किया गया था। यहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे, तभी पत्रकारों ने तुरंत पूछ दिया कि मुख्यमंत्री जी माथा लड़ाने वाला क्या मामला है, बता दीजिए। यह दो-तीन बार हो गया है। टीका लगाने का मामला है क्या?
"ये हम दोनों का प्रेम है"
पत्रकारों के सवाल को सुनते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हंसते हुए प्रतिक्रिया दी और कहा कि ऐसा नहीं है। यह मत कहिए। यह तो हम लोगों का प्रेम है। हम इनसे बहुत प्रेम करते हैं। हम टीका के खिलाफ नहीं हैं, किसी धर्म के खिलाफ नहीं हैं। हम पूजा के खिलाफ नहीं हैं। हम सबकी इज्जत करते हैं। देश भर में सात धर्म है, यहां 6 है। हम सबके लिए काम करते हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जब हम मंत्री अशोक चौधरी को टीका लगाए देखते हैं तो इनको देखकर खुश होते हैं। छोटू सिंह को देखते हुए सीएम ने कहा कि यह हमारी ही पार्टी के हैं। यह भी टीका लगाते हैं। हम टीका के पक्ष में हैं।
ये है पूरा मामला
गौरतलब है कि 18 सितंबर को एक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नजर एक पत्रकार पर पड़ी थी, जो टीका लगाकर खड़ा था। नीतीश कुमार यह देखकर पीछे पलटे और अपने मंत्री अशोक चौधरी को खोजने लगे और फिर टीका लगाए मंत्री अशोक चौधरी को लेकर आए और फिर पीछे से उनकी गर्दन पकड़ ली और फिर पीछे से पकड़ते हुए पत्रकार के पास लाए और दोनों के माथे को धीरे से लड़ा दिया। इसी मामले पर आज एकबार फिर मीडिया सवाल पूछ रही थी।