JHARKHAND NEWS : स्वास्थ्य सेवा में ऐतिहासिक पहल: झारखंड में अब कॉल पर 15 मिनट में घर पहुंचेगा खून
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर झारखंड में स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की शुरुआत हुई है मौका था इंटेंसिफाइड एचआईवी कैंपेन-2026 के तहत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के शुभारंभ का।बुधवार को सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक सेंटर में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस शिविर का भव्य उद्घाटन किया।राज्यभर में 'सेफ ब्लड ट्रांसफ्यूजन' यानी सुरक्षित रक्त संचार के महत्व को समझते हुए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि किसी को भी रक्त की कमी से जूझना न पड़े।इस कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण रहे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी। उन्होंने एक बहुत बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सरकार जल्द ही एक ऐसी क्रांतिकारी व्यवस्था ला रही है, जिसके तहत टोल फ्री नंबर पर फोन करने के मात्र 15 मिनट के अंदर खून आपके दरवाजे पर पहुंचाया जाएगा।अगले एक महीने के भीतर इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए तेजी से काम चल रहा है।
एचआईवी संक्रमण पर चिंता जताते हुए मंत्री ने बताया कि सरायकेला और साहिबगंज जैसे जिलों में स्थिति से निपटने के लिए बेहतर प्रगति हुई है, वहीं नौ जिलों को गोद लेकर उन्हें संक्रमणमुक्त करने का निर्देश भी दिया गया है।झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निदेशक शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि 13 से 24 वर्ष की आयु वर्ग में 19 प्रतिशत नए मामले सामने आना चिंता का विषय है।इसी जागरूकता के लिए अतिथियों ने आईईसी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो सुदूर गांवों और मोहल्लों तक सही जानकारी पहुंचाएगी।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने हाल की कुछ घटनाओं का संज्ञान लेते हुए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के साथ संवेदनशील और अच्छा व्यवहार रखने की अपील की।उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाला मरीज पहले से परेशान होता है, और स्वास्थ्यकर्मियों का अच्छा व्यवहार ही स्वास्थ्य व्यवस्था पर जनता का भरोसा मजबूत करता है।





