BIHAR NEWS : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गोपालगंज स्थित मां थावे भवानी के दरबार में की पूजा-अर्चना
गोपालगंज: मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सम्राट चौधरी बुधवार को गोपालगंज पहुंचे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का जिले में भव्य स्वागत किया गया. गोपालगंज पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले प्रसिद्ध थावे दुर्गा मंदिर पहुंचे,जहां उन्होंने मां थावे भवानी के दरबार में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया.

मंदिर में पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने माता की पूजा की. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे.

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी थावे प्रखंड के चनावे पहुंचे. यहां जेल के समीप प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए चिह्नित जमीन का उन्होंने निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से मेडिकल कॉलेज की जमीन,प्रस्तावित परियोजना और निर्माण को लेकर तैयारियों की जानकारी ली.

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि मां थावे भवानी करोड़ों लोगों की आस्था और विश्वास का केंद्र हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सनातन और धार्मिक आस्था गहरी है और उनके थावे पहुंचने से जिलेवासियों में खुशी है. शिक्षा मंत्री ने उम्मीद जताई कि थावे मंदिर के विकास और पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे.
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए मुख्यमंत्री स्वयं स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और निरीक्षण के बाद इसके आगे की प्रक्रिया को लेकर सरकार की ओर से निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज गोपालगंज के लिए बड़ी सौगात साबित होगा.
वहीं,बिहार सरकार के पूर्व मंत्री जनक राम ने मुख्यमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी का यह गोपालगंज का पहला दौरा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से जिले के लोगों में उत्साह है और लंबे समय से की जा रही मेडिकल कॉलेज की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
जनक राम ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मां भवानी के दर्शन के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया है. उनके निरीक्षण के बाद मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में आगे की कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री के गोपालगंज दौरे को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा से लेकर तमाम व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए. मुख्यमंत्री के दौरे से जिलेवासियों को मेडिकल कॉलेज और थावे मंदिर के विकास को लेकर बड़ी उम्मीदें हैं.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट –





