JHARKHAND NEWS : रांची में देर रात किया गया होलिका दहन, लोगों ने की पूजा अर्चना

Edited By:  |
Reported By:
jharkhand news jharkhand news

रांची : राजधानी रांची के विभिन्न स्थानों पर गुरुवार देर रात होलिका दहन किया गया. शहर में रात 10:44 के बाद से होलिका दहन का कार्यक्रम शुरु हुआ जो देर रात तक चला.

लोगों ने होलिका दहन से पूर्व होलिका की पूजा कर पकवान व नई फसल की बाली अर्पित की. कई लोगों ने गोइठा की माला व बड़कुल्ले को अर्पित किया. इसके बाद मंगलकामना कर एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली पर्व की बधाई दी.

आपको बता दें कि सनातनी हिन्दू रीति पंचांग के अनुसार फागुन शुक्ल पक्ष पूर्णिमा तिथि को होलिका दहन कर शक्ति पर भक्ति की विजय के साथ पुराने संवत वर्ष की विदाई की जाती है और तत्पश्चात नए संवत वर्ष के आगमन पर होली का त्योहार रंगोत्सव मनाया जाता है. इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए राजधानी रांची में भी सार्वजनिक रूप से विभिन्न चौक चौराहे पर होलिका दहन पारंपरिक पूजा अर्चना के साथ किया गया. इसी के तहत राजधानी रांची के हरमू बायपास रोड स्थित किशोरगंज चौक पर भी होलिका दहन की गई और होलिका के प्रज्वलित अग्नि में परंपरा के अनुरूप गोबर के गोइठे बनने वाले पकवान अर्पित किया गया साथ ही धान की बाली और नये चने की झगरी को जलते अग्नि में फेंका गया. होलिका दहन के अग्नि पर श्रद्धा पूर्ण भाव से परिक्रमा भी की गई और समस्त मनोकामना को पूर्ण होने की प्रार्थना भी की गई.