JHARKHAND NEWS : झारखंड के आयुष सीएचओ को बड़ा तोहफा: अब कहलाएंगे 'आयुष चिकित्सा पदाधिकारी', सरकार देने जा रही 3 बड़ी सौगातें
झारखंज राज्य में कार्यरत आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों के पदनाम में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है।आयुष निदेशालय, झारखंड ने भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के निर्देश के आलोक में इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश जारी किया है।प्रस्ताव के अनुसार आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों का पदनाम बदलकर 'आयुष चिकित्सा पदाधिकारी (आयुर्वेद, होमियोपैथ एवं यूनानी) सह आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी' किया जाएगा।
आयुष निदेशक ने उपनिदेशक (आयुर्वेद) को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर उच्चस्तरीय अनुमोदन प्राप्त करने का निर्देश दिया है।करीब तीन वर्ष पहले भी पदनाम परिवर्तन का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन विभाग ने व्यावहारिक कठिनाइयों का हवाला देते हुए उसे स्वीकृति नहीं दी थी। अब केंद्र सरकार के निर्देश के बाद इस प्रक्रिया को फिर से आगे बढ़ाया गया है।आयुष निदेशालय ने आयुष सीएचओ को भी सामान्य सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों की तर्ज पर अधिकतम 8 प्रतिशत वार्षिक इंक्रीमेंट देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह इंक्रीमेंट उनके कार्यों के वार्षिक मूल्यांकन और प्रदर्शन रेटिंग के आधार पर दिया जाएगा। इस संबंध में भी उपनिदेशक को विस्तृत गाइडलाइन के साथ प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजने का निर्देश दिया गया है।राज्य में अनुबंध के आधार पर कार्यरत 487 आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को जल्द ही राज्य सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना और कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) का लाभ मिलने की संभावना है। वर्तमान में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) में तैनात इन कर्मियों को इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। इसे देखते हुए आयुष निदेशक ने सभी आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को स्वास्थ्य बीमा योजना से जोड़ने और ईपीएफ सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।





