Hindi News / केंद्रीय मंत्री का फर्जी PA बनकर जेल IG को किया फोन, आरोपी गिरफ्तार

BIG BREAKING : केंद्रीय मंत्री का फर्जी PA बनकर जेल IG को किया फोन, आरोपी गिरफ्तार

Edited By:  |
big breaking big breaking

Patna : पटना में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के नाम का दुरुपयोग कर जेल प्रशासन पर दबाव बनाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में अरवल जिले के मेहंदिया निवासी नीरज को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर केंद्रीय मंत्री का पर्सनल असिस्टेंट (PA)बनकर जेल आईजी को फोन करने और एक बंदी को दूसरी जेल में स्थानांतरित कराने की पैरवी करने का आरोप है.

पुलिस के अनुसार,नीरज ने कुछ दिन पहले जेल आईजी को फोन कर खुद को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह काPAबताया. उसने बातचीत के दौरान कहा कि एक कैदी को दूसरी जेल में शिफ्ट किया जाए और मंत्री का नाम लेकर दबाव बनाने की कोशिश की. हालांकि,अधिकारियों को बातचीत पर संदेह हुआ,जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई.

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने रिश्तेदार भरत सिंह के लिए फोन किया था. भरत सिंह जमीन विवाद के मामले में गिरफ्तार होकर पहले बेऊर जेल में बंद थे,लेकिन करीब छह महीने पहले उन्हें भागलपुर जेल स्थानांतरित कर दिया गया था. आरोपी चाहता था कि उन्हें दोबारा बेऊर जेल भेजा जाए.

नीरज ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि वर्ष 2024 में वह एक-दो महीने तक केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के साथ जुड़ा रहा था. पुलिस अब इस दावे की भी जांच कर रही है कि वह वास्तव में मंत्री के स्टाफ से जुड़ा था या नहीं.

जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी ने मंत्री के नाम का इस्तेमाल केवल इसी मामले में किया या पहले भी किसी अधिकारी या व्यक्ति को इसी तरह झांसा देने की कोशिश की थी. पुलिस उसके खिलाफ प्रतिरूपण (इम्पर्सोनेशन),धोखाधड़ी और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है. आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--