निगरानी टीम ने की बड़ी कार्रवाई : नरकटियागंज में पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये घूस लेते दबोचा
नरकटियागंज : बड़ी खबर बिहार के पश्चिम चम्पारण से है जहां जिले के नरकटियागंज प्रखंड के मलदहिया पोखरिया पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है.
मामले में निगरानी विभाग के डीएसपी कृपाल चन्द्र जायसवाल ने बताया कि नल-जल योजना के मरम्मत कार्य के भुगतान के एवज में पंचायत सचिव ने संवेदक परवेज कौसर से25हजार रुपये घूस की मांग की थी. इसकी शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए.इसके बाद विशेष टीम का गठन कर जाल बिछाया गया. कार्रवाई के दौरान पंचायत सचिव को सहयोग शिविर से प्रथम किस्त के रूप में15हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया.
गिरफ्तार पंचायत सचिव को निगरानी विभाग अपने साथ ले गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद पश्चिम चम्पारण जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में हड़कंप का माहौल बताया जा रहा है.
नरकटियागंज से अजय पाण्डेय की रिपोर्ट-





