BIHAR NEWS : अब बिहार से दिल्ली-पंजाब तक सफर होगा आसान, 149 नई डीलक्स बसें दौड़ेंगी
पटना: बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने अंतर्राज्यीय बस सेवा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. निगम की ओर से बिहार में कुल149नई एसी और नॉन-एसी डीलक्स बसें शामिल की जा रही हैं. इनमें से78बसें पटना के फुलवारीशरीफ डिपो पहुंच चुकी हैं,जबकि बाकी बसों के अगस्त के अंत तक पहुंचने की उम्मीद है.
नई बसों का मुख्य परिचालन आगामी त्योहारी सीजन में शुरू किया जाएगा. इन बसों को बिहार से दिल्ली,पंजाब,हरियाणा,उत्तर प्रदेश,पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न रूटों पर चलाने की योजना है. फिलहाल कुछ नई बसों का इस्तेमाल पटना-देवघर रूट पर भी किया जा रहा है.
इन बसों के परिचालन से दूसरे राज्यों में काम करने वाले बिहार के मजदूरों,छात्रों,व्यापारियों और आम यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है. त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले लोगों के लिए किफायती और आरामदायक यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा. निगम का उद्देश्य लंबी दूरी की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है. बसों में आरामदायक सीट,बेहतर सस्पेंशन,एसी सुविधा और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया है.
बिहार और हरियाणा के बीच सीधे बस संचालन को लेकर सहमति बन चुकी है. वहीं अन्य राज्यों के साथ भी सीधी बस सेवा शुरू करने के लिए बातचीत जारी है.
इस बीच पटना में पीएम ई-पिंक बसों की भी एंट्री शुरू हो गई है. अब तक पांच इलेक्ट्रिक पिंक बसें राजधानी पहुंच चुकी हैं. इन्हें पुणे से चरणबद्ध तरीके से भेजा जा रहा है.
नई बस सेवाओं से बिहार की अंतर्राज्यीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और निजी बसों पर यात्रियों की निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





