BIHAR NEWS : एलसी-70ए आरओबी की संरचना पूर्णतः सुरक्षित, तकनीकी जांच एवं मरम्मत कार्य जारी – मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्रर
पटना : राज्य के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने बताया कि बक्सर–बरौनी रेलखंड स्थित एलसी-70ए पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) अभी निर्माणाधीन है. परियोजना का निर्माण कार्य एवं कमीशनिंग अभी पूर्ण नहीं हुई थी. निर्माण के दौरान एक्सपेंशन जॉइंट के समीप आंशिक क्षति एवं धंसाव की स्थिति उत्पन्न हुई है,जिसका कोई प्रतिकूल प्रभाव आरओबी की मुख्य संरचना पर नहीं है. संरचना पूर्णतः सुरक्षित है.
मंत्री ई. शैलेन्द्र ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान एक्सपेंशन जॉइंट के समीप कंक्रीट के एक भाग में क्षति उत्पन्न हो गई थी,जिसके कारण उस स्थान पर आंशिक धंसाव की स्थिति बनी. तकनीकी विशेषज्ञों के परीक्षण एवं निरीक्षण में पाया गया है कि उक्त घटना का आरओबी की मुख्य संरचना पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है और संरचना पूर्णतः सुरक्षित है.
समयपूर्व यातायात संचालन के परिणामस्वरूप एक्सपेंशन जॉइंट के समीप अतिरिक्त धंसाव उत्पन्न हो गया. घटना की जानकारी प्राप्त होते ही तकनीकी विशेषज्ञों एवं संबंधित अभियंताओं ने तत्काल स्थल निरीक्षण किया और सुरक्षा के दृष्टि से आवश्यक कदम उठाए गए.
तकनीकी मानकों के अनुसार क्षतिग्रस्त भाग की मरम्मत एवं उपचार के उपरांत संरचना को आवश्यक मजबूती प्रदान करने के लिए पर्याप्त सेटिंग एवं क्योरिंग अवधि देना आवश्यक था लेकिन उक्त अवधि पूर्ण होने से पूर्व ही रेलवे प्रशासन ने लेवल क्रॉसिंग (एलसी) पर यातायात बंद कर निर्माणाधीन आरओबी से यातायात संचालन प्रारंभ कर दिया.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में रेलवे प्रशासन की ओर से निर्माणाधीन आरओबी पर यातायात संचालन स्थगित कर दिया गया है. आमजन की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुनः लेवल क्रॉसिंग (एलसी) को यातायात के लिए खोल दिया गया है.
क्षतिग्रस्त भाग की विस्तृत तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत कार्य संबंधित एजेंसियां युद्धस्तर पर कार्य कर रही है. संरचना की पूर्ण सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप संतोषजनक स्थिति सुनिश्चित होने के उपरांत ही आगे की कार्रवाई और यातायात संचालन के संबंध में निर्णय लिया जाएगा.
ई. शैलेन्द्र ने बताया कि उक्त परियोजना से जुड़े तीन अभियंताओं को निलंबित कर दिया गया है और अन्य संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण की मांग की गई है. पथ निर्माण विभाग आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है. साथ ही परियोजना की गुणवत्ता एवं संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.





