Hindi News / अरुण योगिराज करेंगे निर्माण

18 फीट ऊंची नंदी प्रतिमा : अरुण योगिराज करेंगे निर्माण

Edited By:  |
18 feet tall Nandi statue 18 feet tall Nandi statue

पूर्वी चंपारण- अयोध्या में रामलला की भव्य प्रतिमा का निर्माण कर देशभर में पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध शिल्पकार अरुण योगिराज अब बिहार के पूर्वी चंपारण स्थित विराट रामायण मंदिर परियोजना के लिए 18 फीट ऊंची भगवान नंदी की प्रतिमा तैयार करेंगे। इसके लिए उन्होंने अपनी सहमति दे दी है।विराट रामायण मंदिर परियोजना का निरीक्षण करने के लिए अरुण योगिराज हाल ही में केसरिया पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर परिसर और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नंदी प्रतिमा निर्माण को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया और बताया गया कि यह प्रतिमा लगभग 18 महीनों में तैयार हो सकती है।

विराट रामायण मंदिर न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अरुण योगिराज ने नंदी प्रतिमा के निर्माण के लिए सहमति प्रदान कर दी है। यह प्रतिमा मंदिर परिसर की प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी।मंदिर परिसर में पहले से ही 33 फीट ऊंचा विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग स्थापित है, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। अब विशाल नंदी प्रतिमा के निर्माण से परिसर की धार्मिक और स्थापत्य भव्यता और बढ़ने की उम्मीद है।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना दिवंगत पद्मश्री किशोर कुणाल का ड्रीम प्रोजेक्ट मानी जाती है। प्रस्तावित विराट रामायण मंदिर के वर्ष 2030 तक पूर्ण होने की उम्मीद है। मंदिर की ऊंचाई लगभग 270 फीट और चौड़ाई 540 फीट होगी, जिससे यह दुनिया के सबसे विशाल हिंदू मंदिरों में शामिल हो सकता है।विराट रामायण मंदिर परियोजना न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट