Hindi News / गोपालगंज में प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 20...

BIHAR NEWS : गोपालगंज में प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने 20 सूत्री समिति की बैठक में हुए शामिल

Edited By:  |
bihar news bihar news

गोपालगंज : कृषि मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने थावे मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद समाहरणालय परिसर में आयोजित बीस सूत्री समिति की समीक्षा बैठक में भाग लिया. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई. प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया.

थावे मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कृषि मंत्री सह गोपालगंज के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समाहरणालय परिसर पहुंचे,जहां बीससूत्री समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई और विभिन्न विभागों की कार्य प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सभी सदस्यों की मौजूदगी में जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा हुई. उन्होंने बताया कि आपूर्ति,उत्पाद,शिक्षा,सिंचाई,कृषि,स्वास्थ्य और पथ निर्माण समेत सभी विभागों की समीक्षा की गई है. साथ ही बाढ़ और स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.

प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे,इसे सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सरकार के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करे और जनता की सुविधाओं को प्राथमिकता दे. बैठक में पारदर्शिता बढ़ाने और लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान पर भी जोर दिया गया.

वहीं राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की सुरक्षा वापस लेने के सवाल पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि फिलहाल वह बैठक में व्यस्त रहे हैं और उन्हें इस संबंध में पूरी जानकारी नहीं है. जानकारी मिलने के बाद ही वह इस विषय पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे.

फिलहाल,गोपालगंज में आयोजित बीस सूत्री समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा और जनहित के मुद्दों के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं. अब देखना होगा कि इन निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना असर दिखाई देता है.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--