BIG NEWS : पटना साइबर थाना की पुलिस ने दिल्ली में छात्रा को परेशान करने वाले आरोपी युवक को दबोचा
पटना:राजधानी से साइबर अपराध से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. दिल्ली के एक प्रतिष्ठित कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा को सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर परेशान करने वाले आरोपी को पटना साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज आनंद के रूप में हुई है,जिसे राजेंद्र नगर इलाके से पकड़ा गया. पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है,जिसका इस्तेमाल आपत्तिजनक सामग्री भेजने में किया जा रहा था.
जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा ने पटना साइबर थाने को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी. शिकायत में बताया गया था कि आरोपी फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लगातार अश्लील वीडियो और फोटो भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था. शिकायत मिलने के बाद साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू की गई.
साइबर पुलिस ने डिजिटल ट्रैकिंग और आधुनिक सॉफ्टवेयर तकनीक की मदद से आरोपी की पहचान की. तकनीकी सर्विलांस,आईपी एड्रेस ट्रैकिंग और सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंची. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी कई अन्य महिलाओं को भी इसी तरह परेशान करता था.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार साइबर अपराध और ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. डिजिटल तकनीक और आधुनिक साइबर सॉफ्टवेयर की मदद से ऐसे अपराधियों की पहचान कर तेजी से कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स तथा डिजिटल डिवाइस की जांच कर रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि होने पर तुरंत साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट—





