बांकीपुर नतीजे पर सियासी घमासान : अनंत सिंह का बीजेपी पर जोरदार बयान,आखिर ऐसा क्यों बोल गए बाहुुबलि विधायक
पटना:बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को अपने लगातार चुनावी प्रदर्शन पर घमंड हो गया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "घमंड था कि कलकत्ता जीत गए, बंबई जीत गए, विदेश जीत गए,लेकिन जनता ने बांकीपुर में जवाब दे दिया."उनका यह बयान अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता
अनंत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है और कोई भी राजनीतिक दल जनता से बड़ा नहीं हो सकता। उनके अनुसार, जनता समय आने पर अहंकार का जवाब मतदान के जरिए देती है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावी नतीजों से सभी दलों को सीख लेनी चाहिए और जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
पीके ने बीजेपी को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर
बांकीपुर सीट पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बीजेपी उम्मीदवार को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया। यह सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। इस हार के बाद भाजपा की चुनावी रणनीति और संगठन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
नीतीश कुमार के नेतृत्व का समर्थन
अनंत सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व का समर्थन करते हुए कहा कि वे पूरी मजबूती से उनके साथ हैं। उन्होंने विपक्ष पर भी हमला बोला और कहा कि बिहार की राजनीति में जनता अब केवल काम और विकास के आधार पर फैसला कर रही है। बांकीपुर उपचुनाव के परिणाम के बाद राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।





