Delhi Election 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान जारी, परिवार के साथ अरविंद केजरीवाल ने की वोटिंग, सुबह 11 बजे तक हुआ 20% मतदान
Delhi Election 2025 Voting : दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान जारी है। दिल्ली के 70 विधानसभा सीटों पर लगातार वोटिंग हो रही है। मतदान केन्द्रों पर वोटर्स की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही है। मिल रही जानकारी के मुताबिक पहले 4 घंटों में 20% वोटिंग हो चुकी है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान जारी
वोटिंग सेंटर्स पर VIP नेताओं द्वारा भी लगातार मतदान किया जा रहा है। बिहार दौरे से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी मतदान किया और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में वोटकास्ट करने की अपील की है।
परिवार के साथ अरविंद केजरीवाल ने की वोटिंग
वहीं, AAP के राष्ट्रीय संयोजक और नई दिल्ली विधानसभा सीट से उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल ने भी मतदान किया। इस मौके पर नई दिल्ली विधानसभा सीट से उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल ने कहा कि" मैं दिल्ली के सभी लोगों से विनती करना चाहूंगा कि सब लोग वोट डालने के लिए निकलें और अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग करें। दिल्ली के विकास के लिए सभी लोग वोट डालें। ऐसी ही मेरी सभी लोगों से विनती है। जाहिर तौर पर जो काम करेगा उन्हीं को जनता वोट देगी।"
'आप' नेता सोमनाथ भारती ने भी किया मतदान
AAP नेता सोमनाथ भारती ने भी मतदान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि "लोकतंत्र के महापर्व में हमने अपना मतदान किया है। परिवार के साथ वोट किया है। इस बार जनता काम की राजनीति के लिए वोट कर रही है, शिक्षा के लिए, स्वास्थ्य के लिए मतदान कर रही है। जनता ने उपलब्धता, समर्पण, ईमानदारी की राजनीति के लिए वोट किया है। हर जगह झाड़ू चल रही है।
चुनावी मैदान में 699 उम्मीदवार
विदित है कि दिल्ली में शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। दिल्ली चुनाव में इस बार सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के अलावा भाजपा और कांग्रेस समेत 29 दल हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही कुल 699 उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 96 महिलाएं शामिल हैं। कुल 2696 स्थानों पर 13 हजार 766 पोलिंग सेंटर बनाए गए हैं, जहां दिव्यांगों और महिलाओं के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
दिल्ली के चीफ इलेक्शन ऑफिसर के अनुसार सभी 13,766 मतदान केंद्रों पर 1.56 करोड़ वोटर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर वोटर हैं। चुनाव आयोग ने दिव्यांगों के लिए 733 पोलिंग सेंटर निर्धारित किए गए हैं।