Hindi News / दो सर्वे में सामने आया व्यापक समर्थन,महिलाओं की सुरक्षा से लेकर परिवार की...

शराबबंदी पर बिहार की जनता की मुहर : दो सर्वे में सामने आया व्यापक समर्थन,महिलाओं की सुरक्षा से लेकर परिवार की बचत तक असर

Edited By:  |
sarabbandi par bihar ki janta ki muhar sarabbandi par bihar ki janta ki muhar

पटना: बिहार में वर्ष 2016 से लागू शराबबंदी को लेकर कराए गए दो सर्वेक्षणों में जनता का व्यापक समर्थन सामने आया है। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अनुसार,शराबबंदी के बाद लोगों के स्वास्थ्य, बचत और पारिवारिक जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं.महिलाओं ने भी खुद को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस करने की बात कही है.

वर्ष 2023 में चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की पंचायती राज पीठ ने राज्यभर में सर्वे किया था. इसमें 10 लाख 22 हजार से अधिक लोगों की राय ली गई। सर्वे में 92 प्रतिशत पुरुष और 99 प्रतिशत महिलाओं ने शराबबंदी का समर्थन किया। वहीं, 96 प्रतिशत लोगों ने शराब छोड़ने की बात कही.

दूसरे सर्वेक्षण में भारतीय प्रबंधन संस्थान, रांची ने राज्य के सभी जिलों के एक लाख से अधिक परिवारों को शामिल किया. इसमें 4,298 पंचायतों के 88 हजार से अधिक ग्रामीण परिवार और शहरी क्षेत्रों के करीब 11 हजार परिवारों से राय ली गई.

सर्वे के मुताबिक, 86 प्रतिशत लोगों ने शराब छोड़ने के बाद स्वास्थ्य में सुधार की बात कही, जबकि 87.75 प्रतिशत लोगों ने बचत बढ़ने की जानकारी दी. विभाग का कहना है कि शराब पर खर्च होने वाला पैसा अब कई परिवार भोजन,राशन,बच्चों की शिक्षा और दूसरी जरूरी जरूरतों पर खर्च कर रहे हैं.महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सकारात्मक आंकड़े सामने आए. 92 प्रतिशत लोगों ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा में कमी की बात कही. वहीं, 93.11 प्रतिशत महिलाओं ने खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस किया.

विभाग के अनुसार,2016 से जुलाई 2026 तक 5.23 करोड़ लीटर से अधिक शराब जब्त की गई. इस दौरान 12 लाख से ज्यादा मामले दर्ज हुए और 18 लाख से अधिक आरोपित गिरफ्तार किए गए.

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट