इंसानियत शर्मसार : PMCH में सीढ़ी पर मिली नवजात बच्ची,12 दिनों से नर्सें निभा रहीं मां की भूमिका,परिजनों का पता नहीं
पटना: पीएमसीएच से इंसानियत और ममता की मिसाल सामने आई है. अस्पताल के नए भवन की सीढ़ी के पास एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली है. बच्ची महज 24 घंटे की थी और कपड़े में लिपटी हुई जोर-जोर से रो रही थी. तीन अगस्त को बच्ची के मिलने की जानकारी अस्पताल प्रशासन को हुई, जिसके बाद उसे तत्काल शिशु रोग विभाग में भर्ती कराया गया.
पांच नर्सें बच्ची की कर रही देखभाल
बच्ची को जन्म देने वाली मां उसे अस्पताल की सीढ़ी पर छोड़कर चली गई. इसके बाद पिछले 12 दिनों से पीएमसीएच की पांच नर्सें बच्ची की मां की तरह देखभाल कर रही हैं. अर्चना, रानी, बिंदु, पूनम और पूनीता नाम की नर्सें बारी-बारी से बच्ची की जरूरतों का ध्यान रख रही हैं। बच्ची को समय पर दूध पिलाने से लेकर उसकी साफ-सफाई और अन्य जरूरी देखभाल तक नर्सें पूरी जिम्मेदारी निभा रही हैं.
नर्सों की टीम कर रही देखभाल
पीएमसीएच अधीक्षक डॉ.राजीव कुमार सिंह के मुताबिक,बच्ची को जब अस्पताल लाया गया,तब उसकी हालत पर चिकित्सकों ने नजर रखी. इलाज के साथ नर्सों की टीम लगातार उसकी देखभाल कर रही है.
अस्पताल प्रशासन नेपुलिस को दी सूचना
बच्ची को मिले 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसे लेने कोई परिजन अस्पताल नहीं पहुंचा है. अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी है. अब बच्ची को दत्तक ग्रहण केंद्र भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. यह घटना जहां मां की बेरुखी को सामने लाती है, वहीं, नर्सों की ममता और समर्पण इंसानियत की मिसाल पेश कर रहा है.
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट





