BIG NEWS : सीवान में हर घर तिरंगा अभियान के दौरान भीषण गर्मी से 30 बच्चियों की बिगड़ी तबीयत, PHC में हो रहा इलाज
सीवान : बिहार के सीवान में तिरंगा यात्रा के दौरान भीषण गर्मी की वजह से करीब 30 छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सरकारी विद्यालय की ओर से हर घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रभात फेरी निकाली गई थी. प्रभात फेरी से लौटने के दौरान छात्राओं की तबीयत बिगड़ी है. सभी छात्राओं को भगवानपुर हाट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है.

बताया जा रहा है कि जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड के एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई थी. भीषण गर्मी और उमस के बीच प्रभात फेरी से वापस लौटने के दौरान एक के बाद एक करीब 30 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई. कई छात्राओं को कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत हुई. स्थिति बिगड़ने के बाद सभी छात्राओं को भगवानपुर हाट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की वजह भीषण गर्मी बताई जा रही है. वहीं तिरंगा यात्रा के दौरान हुई इस घटना के बाद विद्यालय और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है.
सीवान से निरंजन कुमार की रिपोर्ट--





