रांची : घने कोहरे के कारण दिल्ली से रांची आने वाली फ्लाइट कोलकाता डायवर्ट,यात्री परेशान
रांची: मौसम में हुए बदलाव से घने कोहरे के कारण दिल्ली से रांची आने वाला एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान (IX 1046) को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया है. विमान को सुबह 09 बजकर 25 मिनट पर रांची पहुंचना था. इस दौरान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के रनवे पर लैंडिंग के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस का दिल्ली-रांची विमान चक्कर लगाता रहा, लेकिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने पर संबंधित विमान को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया.
मौसम में सुधार होने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस का दिल्ली-रांची विमान दोपहर एक बजे के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा और एयर इंडिया एक्सप्रेस के रांची-दिल्ली विमान (IX 1047) ने तीन घंटे 55 मिनट विलंब से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी. इधर, मौसम खराब होने के कारण पुणे-रांची विमान (6के 6799), मुंबई-रांची विमान (IX 1237) और दिल्ली-रांची विमान (6E 6287) भी विलंब से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंची और रांची-दिल्ली विमान (6के 576), रांची-बेंगलुरु विमान (6के 6799) और रांची-मुंबई विमान (IX 1238) ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से विलंब से उड़ान भरी. संबंधित विमानों के विलंब से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचने के कारण दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई.





