Hindi News / डाकबंगला चौराहे पर लाठीचार्ज, तेज प्रताप यादव हिरासत में

पटना में बिहार बंद के दौरान बवाल : डाकबंगला चौराहे पर लाठीचार्ज, तेज प्रताप यादव हिरासत में

Edited By:  |
patna mai bihar band ke dauran bawal patna mai bihar band ke dauran bawal

Patna : पटना में शनिवार को नीट पेपर लीक,केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में आयोजित बिहार बंद के दौरान राजधानी का माहौल तनावपूर्ण हो गया. छात्र संगठन आइसा और राष्ट्रीय युवा आंदोलन के समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए,जबकि जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव भी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंचे और तिरंगा लहराया. बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

प्रदर्शनकारियों का जत्था सुरक्षा व्यवस्था को पार कर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गया,जहां स्थिति अचानक बिगड़ गई. पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया और पथराव भी किया. इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया. मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई प्रदर्शनकारी गिरते-पड़ते वहां से भागे. पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि पुलिस पर पथराव किया गया,जिसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए. उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

बिहार बंद को देखते हुए पूरे राज्य में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. लगभग 70 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है. पटना सहित जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय समेत कई संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. एहतियात के तौर पर कई जिलों में स्कूल भी बंद रखे गए हैं. फिलहाल राजधानी में स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--