NIA RAID : गजवा-ए-हिंद मामले में NIA का छापा, बिहार से है सीधा कनेक्शन, पाकिस्तान तक जुड़े तार, मचा हड़कंप


NIA RAID :गजवा-ए-हिंद मामले में NIA यानी राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शिकंजा कसा है और कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापा मारा है। एनआईए की इस छापेमारी में कई आपत्तिजनक दस्तावेज के साथ-साथ कई डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गये हैं।
कई राज्यों में NIA का छापा
NIA के मुताबिक गजवा-ए-हिंद के कट्टरपंथी, भारत विरोधी विचारों का प्रचार-प्रसार करने में शामिल थे। जिन संदिग्धों के यहां NIA ने छापेमारी की, उनके पाकिस्तानी हैंडलरों से संपर्क का दावा किया जा रहा है। आपको बता दें कि रविवार को देश के कई राज्यों में NIA ने छापा मारा है। इनमें मध्य प्रदेश के देवास, गुजरात के गिर सोमनाथ, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और केरल के कोझिकोड जिले में रेड मारी गयी। इस दौरान कई दस्तावेज भी जब्त किए गये हैं।
बिहार से है कनेक्शन
गौरतलब है कि ये पूरा मामला 14 जुलाई 2022 को शुरू हुआ था, जब बिहार के पटना की फुलवारीशरीफ पुलिस ने मरगूब अहमद दानिश उर्फ ताहिर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद NIA ने FIR दर्ज की थी। मरगूब अहमद व्हाट्सएप ग्रुप गजवा-ए-हिंद का एडमिन था, जिसे जैन नाम के एक पाकिस्तानी नागरिक ने बनाया था।
पाकिस्तान तक जुड़े हैं तार
इस ग्रुप में आरोपी मरगूब अहमद ने भारत के साथ-साथ बांग्लादेश, पाकिस्तान और यमन सहित कई और देशों के लोगों को जोड़ा था, जो टेलीग्राम और मैसेंजर जैसे अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर एक्टिव था। इस ग्रुप को पकिस्तान से संचालित किया जा रहा था।
तैयार कर रहा था स्लीपर सेल
NIA की जांच में ये खुलासा हुआ था कि मरगूब अहमद भारत में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए स्लीपर सेल तैयार कर रहा था। इसके साथ ही बीडी गजवा-ए-हिंद बीडी के नाम से एक और व्हाट्स एप ग्रुप भी बनाया था, जिसमें उसने बांग्लादेशी नागरिकों को जोड़ा था। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ IPC की कई धाराओं में चार्जशीट दायर किया गया था।