पूरे बिहार में दिख रहा बंदी का असर : सड़क पर उतरे मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता, महिलाएं भी उतरीं सड़कों पर


बिहार:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर एनडीए ने आज बिहार बंद का ऐलान किया है।बंदी का असर बिहार के अलग-अलग जिलों मेंदिखने को मिल रहा है।
सहरसा:-"माता का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान" के नारे के साथ आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार बंद का आह्वान किया। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सहरसा की सड़कों पर उतरे और विभिन्न जत्थों में प्रतिष्ठान मालिकों से दुकानों को बंद रखने की अपील करते दिखे।
इस बंद का नेतृत्व पूर्व मंत्री आलोक कुमार कर रहे थे। जुलूस शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों से गुजरता हुआ शंकर चौक पर पहुंचा, जहां भारी संख्या में कार्यकर्ता जमा हुए। इस दौरान महागठबंधन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि किसी भी देश के प्रधानमंत्री की मां के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी अस्वीकार्य है।
मधेपुरा:-बंद का असर मधेपुरा में सुबह से ही देखने को मिला। एनडीए के घटक दलों के कार्यकर्ता पार्टी के झंडे-बैनर लेकर सड़कों पर उतरे और दुकानों तथा बाजारों को बंद कराने में जुट गए। सुबह आठ बजे कार्यकर्ता कॉलेज चौक पर एकत्रित हुए और वहां से जुलूस की शक्ल में निकलकर पूरे बाजार को बंद कराते हुए कर्पूरी चौक पहुंचे। बंद को सफल बनाने में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, जदयू नेता निखिल मंडल, गुड्डी देवी, स्वेत कमल उर्फ बौआ यादव, आभाष आनंद, सुधीर भगत समेत बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता शामिल रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां का अपमान दरअसल पूरे देश की मां का अपमान है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के मंच से हुई अभद्र टिप्पणी ने साबित कर दिया है कि ये नेता आम जनों की मां-बहन का सम्मान कैसे करेंगे।
रोहतास:-एनडीए के बिहार बंद का असर रोहतास में देखने को मिला। अहले सुबह से ही एनडीए कार्यकर्ताओं ने सड़क पर दिखे। रोहतास जिला जदयू अध्यक्ष अजय कुशवाहा,भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष पटेल, जदयू राजनीति सलाहकार सदस्य डॉ निर्मल कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉक्टर सचिन कुमार, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सह जिला संयोजक विनोद पासवान, जदयू सचिव अशोक पटेल, प्रदेश महिला मोर्चा भाजपा शीला सिंह, जदयू नेता अरविंद तिवारी, रोहतास जिला मीडिया प्रभारी भानु प्रताप सिंह तथा प्रिंस कुमार के मौजूदगी में एनडीए के कार्यकर्ताओं ने सासाराम पोस्ट ऑफिस चौक पर डटे रहे। जहां लोगों ने बताया कि कांग्रेस- राजद के मंच से पिछले दिनों प्रधानमंत्री के दिवंगत मां पर की गई अभद्र अमर्यादित टिप्पणी को देश दुनिया बर्दाश्त नहीं करेगी। जहां एनडीए के बिहार बंद के आह्वान पर आम जनों स्वयं समर्थन देकर शांतिपूर्ण आज बिहार बंदी में शामिल हुए।
लखीसराय:-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर एनडीए दलों ने बिहार बंद का आह्वान किया है। बंद का असर लखीसराय जिले में भी व्यापक रूप से देखने को मिला। सुबह से ही एनडीए कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए और जमकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने एनएच-80 को जाम कर दिया, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बंद समर्थक कांग्रेस पार्टी एवं राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान और मां -बहनो के सम्मान में एनडीए है मैदान का नारा लगाया। कई जगहों पर दुकानें और बाजार बंद रहे, जबकि स्कूल-कॉलेजों में उपस्थिति सामान्य से काफी कम दिखी। एनडीए नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ की गई टिप्पणी न केवल अपमानजनक है, बल्कि पूरे देश का अपमान है। ऐसे में इसके विरोध में सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रहेगा।
समस्तीपुर:-समस्तीपुर बिहार बंद का मिला जुला असर देखने को मिल रहा है। राहुल गांधी व तेजस्वी यादव के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की मां को अशुद्ध भाषा का प्रयोग किया गया और गालियां भी दी गई। इस मामले को लेकर लगातार राजनीति गर्म है। इसी को लेकर भारतीय जनता पार्टी बिहार बंद कर राहुल तेजस्वी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बिहार बंद को लेकर भारतीय जनता पार्टी के उतरी मंडल उजियापुर के द्वारा अंगार घाट चौक पर बस बलल्ला लगाकर सड़क जाम कर बिहार बंद करवाया।
सीतामढ़ी:-सीतामढ़ी में बिहार बंद का असर देखने को मिला।सीतामढ़ी में आज सुबह से ही बीजेपी विधायक मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर लोगों से दुकाने बंद करने की अपील कर रहे हैं सीतामढ़ी में भाजपा का गुस्सा सड़कों पर दिख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली देने की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बंद बुलाया है। सुबह से ही पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बाजारों में घूम-घूमकर हाथ जोड़कर लोगों से प्रतिष्ठान बंद करने की अपील कर रहे हैं। जगह-जगह कार्यकर्ताओं की टोली दुकानदारों से समर्थन मांग रही है। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री की मां का अपमान देश का अपमान है और जनता इस तरह की भाषा को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। बंद को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय हैं।वहीं शहर के बाहर पुपरी अनुमंडल क्षेत्र में बंद का आंशिक असर रहा।यातायात सामान्य रहा।