मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी पहुंचे लखीसराय : बोले- आज रात से बिहार के सभी बालू घाटों पर खनन प्रक्रिया 15 अक्टूबर तक रहेगी बंद
लखीसराय : खनन एवं कला संस्कृति मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को लखीसराय पहुंचे. उन्होंने विद्यापीठ चौक स्थित सामुदायिक भवन में चंद्रवंशी समाज तथा अति पिछड़ा समाज के जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए. मंत्री के सामुदायिक भवन पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने ढोल बाजे और फूल मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया. इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, नगर उपसभापति शिवशंकर राम समेत बड़ी संख्या में चंद्रवंशी समाज से जुड़े महिला एवं पुरुष मौजूद रहे. इस दौरान उपसभापति शिव शंकर राम ने मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी को बुके एवं चादर देखकर सम्मानित किया.
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी ने बताया कि आज रात से बिहार के सभी बालू घाटों पर खनन की प्रक्रिया 15 अक्टूबर तक के लिए बंद हो जाएगी. लेकिन बालू पर्याप्त मात्रा में है, किसी भी सरकारी गैर सरकारी कार्यों में बालू को लेकर कोई बाधा उत्पन्न नहीं हो पाएगा. और अगर दूसरे राज्यों को बालू की जरूरत होगी तो उसे भी बालू दिया जाएगा. बालू खनन बंद के दौरान अवैध खनन रोकने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमलोग पूरी तरह से तैयार हैं. पहले से भी अवैध खनन में काफी कमी आई है. पूर्व के मंत्री ने भी काफी प्रयास किया है, इसके कारण अवैध बालू खनन में कमी आई है और अगर कहीं से शिकायत मिलेगी तो वहां पर मुस्तैदी के साथ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि बालू निर्धारित दर पर ही लोगों को मिलेगा. इसके लिए विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है.
लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट





