JHARKHAND NEWS : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने झुलसे मासूम प्रिंस का जाना हाल, बेहतर इलाज के लिए हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
रांची : झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सोमवार को रांची स्थित देवकमल हॉस्पिटल पहुंचकर महागामा निवासी गुंजन कुमार के 7 वर्षीय पुत्र प्रिंस ठाकुर के स्वास्थ्य की जानकारी ली. हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे प्रिंस का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है.
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने अस्पताल में चिकित्सकों से प्रिंस के स्वास्थ्य और उपचार की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि बच्चे के इलाज में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रिंस के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और उसके इलाज पर लगातार नजर रखी जा रही है.
हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार प्रिंस ठाकुर हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया था. प्राथमिक उपचार के बाद उसे पहले बोकारो और फिर बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया. वर्तमान में रांची के देवकमल हॉस्पिटल में उसका उपचार जारी है.
परिजनों को दिया भरोसा
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने प्रिंस के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार और वह स्वयं परिवार के साथ खड़ी हैं. उन्होंने कहा कि बच्चे के इलाज के लिए हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी ताकि वह जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सके.
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट--





