JHARKHAND NEWS : राधाकृष्ण के मुद्दों पर कांग्रेस आक्रामक: कैबिनेट बैठक में गूंजेगा मामला, बोले प्रदेश प्रभारी
झारखंड की राजनीति में इन दिनों अफ़सरशाही और अधिकारियों के रवैये को लेकर घमासान मचा हुआ है। राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा उठाए गए मुद्दों पर अब कांग्रेस पार्टी भी पूरी तरह उनके साथ खड़ी हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने इस मामले में खुलकर बयान दिया है।सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने वित्त मंत्री का 100 प्रतिशत समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिकारियों के ढुलमुल रवैये को लेकर वित्त मंत्री जो सवाल उठा रहे हैं, कांग्रेस उनसे पूरी तरह सहमत है।
के. राजू ने कड़े शब्दों में कहा कि अधिकारियों को सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए। यदि जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को ही उचित सम्मान नहीं मिलेगा, तो यह हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस गंभीर विषय पर राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक में भी चर्चा की जाएगी।वहीं, राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग के सवाल पर के. राजू ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री खुद पैनी नज़र रखे हुए हैं। जांच और समीक्षा कब तक पूरी होगी, इसके लिए मुख्यमंत्री पर कोई समय-सीमा का दबाव नहीं बनाया जा सकता।इसी के साथ के. राजू ने दावा किया कि कांग्रेस के सभी विधायकों ने अनुशासित रहकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में ही मतदान किया था।अब देखने वाली बात यह होगी कि सरकार और अफ़सरशाही के बीच खिंची यह तनातनी कैबिनेट की बैठक में क्या नया मोड़ लेती है।





