अहियापुर हत्याकांड : मुजफ्फरपुर पुलिस ने दो और आरोपियों को दबोचा,जमीन व पैसों के विवाद में सुपारी लेकर की हत्या
मुजफ्फरपुर:जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में हुए प्रभाकर कुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम कुमार और डब्लू कुमार के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि 30 मार्च को अहियापुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने प्रभाकर कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की थी. मृतक की पत्नी के आवेदन पर अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के अनुश्रवण एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त उदय पटेल और तुलसी राय को 31 मार्च को ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
इसके बाद पुलिस टीम द्वारा अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में सूचना के आधार पर पुलिस ने सत्यम कुमार और डब्लू कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में जमीन, पैसों के लेनदेन और एग्रीमेंट को लेकर हुए आपसी विवाद में सुपारी लेकर हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है.





