Hindi News / जबलपुर बैंक लूटकांड में बिहार STF की बड़ी सफलता,आरोपी हथियार और जेवर के...

BIG BREAKING : जबलपुर बैंक लूटकांड में बिहार STF की बड़ी सफलता,आरोपी हथियार और जेवर के साथ गिरफ्तार

Edited By:  |
big breaking big breaking

बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मध्य प्रदेश के चर्चित जबलपुर बैंक लूटकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र से आरोपी श्रवण कुमार उर्फ छोटू महतो को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लूटे गए 349 ग्राम सोने के आभूषण, एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

जबलपुर केइसाफ बैंक शाखा में हुई थी लूटपाट

यह मामला 11 अगस्त 2025 का है, जब जबलपुर के खितौला थाना क्षेत्र स्थित इसाफ बैंक शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े करीब 14.873 किलोग्राम सोने के आभूषण और पांच लाख रुपये से अधिक नकदी लूट ली थी। इस मामले की जांच के दौरान बिहार एसटीएफ ने जबलपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की।

आरोपी सेपूछताछ कर पूरे नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, पहले गिरफ्तार आरोपी सुनील पासवान से पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर श्रवण कुमार तक पहुंचा गया। उसकी निशानदेही पर 349 ग्राम सोना बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लूट का सोना खरीदा था। पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

अन्य अपराधियों के बारे में भी दी महत्वपूर्ण जानकारी

एसटीएफ ने बताया कि श्रवण कुमार गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र में हुए एक गोल्ड लूट मामले में भी वांछित था। पूछताछ में उसने कई अन्य अपराधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस ने उनकी पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता

बिहार एसटीएफ की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जबलपुर पुलिस के साथ समन्वय में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने की कोशिश तेज कर दी गई है।