JHARKHAND NEWS : देवघर में शिवभक्ति का सैलाब: पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ पर जल चढ़ाने के लिए लगी 10 किलोमीटर लंबी लाइन
देवघर के राजकीय श्रावणी मेले में आज पहले सोमवार पर बाबा बैद्यनाथ धाम बोलबम के नारों से गूंज उठा है। 30 जुलाई से शुरू हुए इस पावन मेले के पहले ही सोमवार को भक्तों का ऐसा सैलाब उमड़ा है, जिसने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।देर रात से ही उमड़ी भारी भीड़ ने यह साफ कर दिया है कि आज देर शाम तक करीब दो लाख श्रद्धालु बाबा को जलार्पण करेंगे। हालात यह हैं कि रात दो बजे से पहले ही दस किलोमीटर लंबी कतार लग चुकी थी, जो सुबह तक वैसी ही बनी हुई है।आज सुबह की प्रात:कालीन शासकीय पूजा सरदार पंडा गुलाबनंद ओझा जी ने संपन्न कराई। इस अवसर पर सरदार पंडा जी ने कहा कि बाबा भोलेनाथ को गंगाजल और बेलपत्र अतिशय प्रिय हैं।भक्तों को सुगम और सुरक्षित जलार्पण की सुविधा मिले, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मंदिर का पट खुलने से पहले ही डीसी, एसपी और डीडीसी मंदिर परिसर पहुंच गए थे और जलार्पण शुरू होने के बाद वे खुद रूटलाइन का जायजा लेने निकले।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान और सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार आउट-ऑफ-टर्न दर्शन और वीआईपी दर्शन पूरी तरह बंद रखे गए हैं। साथ ही, आज सोमवार को शीघ्रदर्शनम की सुविधा भी नहीं दी गई है ताकि आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को अभूतपूर्व स्तर पर ले जाते हुए इस बार आधुनिक तकनीकों का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है। मेले में एआई (AI) आधारित समेकित नियंत्रण कक्ष, एआई कैमरे, चैटबॉट हेल्पलाइन, एआई ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और ड्रोन तैनात हैं। इसके अलावा फेस रिकॉग्निशन कैमरे, हेड काउंटिंग, हाई-क्वालिटी ANPR कैमरे, QR-बेस्ड शिकायत प्रणाली और डिजिटल पवेलियन मेला क्षेत्र की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए हैं।





