Hindi News / बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब,श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम

मधेपुरा : बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब,श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम

Edited By:  |
madhepura madhepura

मधेपुरा:सावन की पहली सोमवारी पर बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. रात दो बजे से ही श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े हैं. इसके बाद श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा. सुबह सात बजे तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ पर जलाभिषेक कर चुके हैं. आज पूरे दिन करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद हैं.

मंदिर परिसर में सोमवार सुबह से ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा.श्रद्धालु पैदल, बाइक और चारपहिया वाहनों से महादेवपुर घाट और सुल्तानगंज सहित विभिन्न स्थानों से गंगाजल लेकर बाबा सिंहेश्वरनाथ के दरबार पहुंचे. रात एक बजे से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था और करीब ढाई बजे तक पूरा पंडाल श्रद्धालुओं की भीड़ से पटा रहा.


मंदिर के व्यवस्थापक भावेश कुमार ने बताया कि सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पूरे पंडाल में पंखे, कूलर और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है. बैरिकेडिंग के जरिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है. जबकि, जलाभिषेक के बाद निकासी के लिए अलग मार्ग बनाया गया है.

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार भी अर्घा के माध्यम से जलाभिषेक कराया जा रहा है. सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं को मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है.

सावन की पहली सोमवारी पर बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा सिंहेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे हैं. श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है.

प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और कतारबद्ध व्यवस्था की गई थी,लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण अस्थाई बैरिकेडिंग टूट गई. हालांकि प्रशासन ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया.