JHARKHAND NEWS : रांची एयरपोर्ट पर बढ़ेगी कार्गो क्षमता, 2027 तक 20 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य
रांची एयरपोर्ट पर एयर इंडिया सेट्स यानी AI-SATS अपनी कार्गो हैंडलिंग क्षमता का तेजी से विस्तार करने जा रहा है। कंपनी ने साल 2027 तक प्रतिवर्ष 20 हजार मीट्रिक टन कार्गो हैंडलिंग का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है।पूर्वी भारत में लगातार बढ़ते औद्योगिक, कृषि और ई-कॉमर्स सेक्टर की जरूरतों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अब तक 7,992 मीट्रिक टन कार्गो की हैंडलिंग की जा चुकी है, जो पिछले साल के मुकाबले 9 प्रतिशत अधिक है। साल 2024 में जहां प्रतिमाह औसतन 850 मीट्रिक टन कार्गो संभाला जाता था, वहीं पिछले साल यह बढ़कर 900 मीट्रिक टन प्रतिमाह हो गया था।AI-SATS के चीफ ऑपरेशनल ऑफिसर सलीम चौधरी ने बताया कि रांची तेजी से एक उभरता हुआ औद्योगिक केंद्र बन चुका है।
यहां फार्मास्यूटिकल्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, मोबाइल, कृषि उपज, वस्त्र और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। एयरपोर्ट पर आधुनिक वेयरहाउसिंग, एक्स-रे स्क्रीनिंग और तापमान-नियंत्रित भंडारण जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से स्थानीय कारोबारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने में आसानी हो रही है।खास बात यह है कि रांची से देश के विभिन्न राज्यों में बड़े पैमाने पर सब्जियां भेजी जा रही हैं, जिनमें फ्रेंचबीन, मटर और टमाटर मुख्य रूप से शामिल हैं। कंपनी के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट शैलेश कुमार का कहना है कि किसानों को जागरूक कर उनके स्थानीय उत्पादों को भी एयर कार्गो के जरिए देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचाया जाएगा, जिसके लिए चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ भी बैठकें की गई हैं।AI-SATS के इस विजन से न केवल झारखंड के व्यापार को नई गति मिलेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे और राज्य की आर्थिक प्रगति को एक नया बल मिलेगा।





