BIG BREAKING : बिहार पुलिस परीक्षा पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई, EOU ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पटना:बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध इकाई (EOU)ने गृह रक्षा वाहिनी सेवा संवर्ग के अधिनायक अनुदेशक (हवलदार अनुदेशक) भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में बड़ी कार्रवाई की है. आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या16/2026के तहत अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में पटना के विक्रम निवासी राज समदर्शी उर्फ राजा,वैशाली के अभिषेक कुमार तथा बायोमेट्रिक सुपरवाइजर नितेश कुमार शामिल हैं.
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,यह कार्रवाई हाजीपुर नगर थाना कांड संख्या368/2026की जांच के दौरान मिली अहम सूचना के आधार पर की गई. जांच में सामने आया कि29जुलाई को आयोजित परीक्षा में अभ्यर्थी राज समदर्शी ने अनुचित साधनों का इस्तेमाल किया था. पूछताछ में उसने अपने सहयोगी अभिषेक कुमार का नाम बताया और यह भी स्वीकार किया कि अप्रैल2026में आयोजितAEDOपरीक्षा में भी उसने इसी तरह के अनुचित साधनों का उपयोग किया था.
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि बायोमेट्रिक सुपरवाइजर नितेश कुमार के माध्यम से परीक्षा के प्रश्नों के उत्तर अभ्यर्थी तक पहुंचाए जा रहे थे. आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में परीक्षा से जुड़े कई एडमिट कार्ड,उत्तर-पत्र और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं. जांच में यह भी पाया गया कि उत्तर-पत्र परीक्षा शुरू होने के दौरान ही मोबाइल के जरिए भेजे गए थे.
आर्थिक अपराध इकाई ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बिहार लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम, 2024की धारा10एवं11(1)के तहत मामला दर्ज किया है. इकाई ने स्पष्ट किया है कि प्रश्नपत्र लीक कराने वाले गिरोहों और इस अवैध गतिविधि से आर्थिक लाभ कमाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की गहन जांच कर इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





