JHARKHAND NEWS : H1N1 पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सख्त, राज्यभर में निगरानी और उपचार के पुख्ता निर्देश
झारखंड में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है।शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के सभी जिलों में H1N1 और इन्फ्लुएंजा की रोकथाम के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की नई एडवाइजरी जारी
29 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य मंत्री के हस्ताक्षर से जारी इस एडवाइजरी में सभी उपायुक्तों, सिविल सर्जनों और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों को जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। सभी जिलों में ILI (इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी) और SARI (गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण) के मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।रिम्स (RIMS), सभी मेडिकल कॉलेज और सदर अस्पतालों में संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार के लिए 10 अतिरिक्त बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में पर्याप्त ऑक्सीजन, जरूरी दवाइयां, आईसीयू (ICU) बेड और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
लक्षण और जांच पर विशेष जोर
एडवाइजरी के मुताबिक, बुखार, खांसी, गले में दर्द, सर्दी-जुकाम या सांस लेने में तकलीफ वाले मरीजों की तुरंत जांच और क्लिनिकल असेसमेंट किया जाएगा। साथ ही, गंभीर मरीजों के लिए हर जिले में एक प्रभावी रेफरल व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि उन्हें समय पर उच्च चिकित्सा संस्थान पहुंचाया जा सके।
सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता और जन-जागरूकता
सरकार ने संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए पुख्ता कदम उठाए हैं एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता बढ़ाई जाएगी और जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के पूरे प्रोटोकॉल का पालन करने और अफवाहों पर रोक लगाकर प्रमाणित जानकारी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी अधिकारियों को इस मामले में पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करने और किसी भी असामान्य स्थिति की तुरंत रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए हैं।





