Hindi News / झारखंड में झमाझम का दौर: 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 5...

JHARKHAND NEWS : झारखंड में झमाझम का दौर: 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और मॉनसून के सक्रिय होने का असर अब राज्य के लगभग हर हिस्से में साफ दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों से राज्य के तमाम जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। आइए डालते हैं पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर एक नजर... शनिवार को लातेहार में सबसे अधिक 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी रांची में 15 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा देवघर में 19 मिमी, दारीसाई में 27 मिमी, सरायकेला-खरसावां में 13 मिमी, खूंटी और कोडरमा में क्रमशः 5 और 9 मिमी, जगन्नाथपुर में 11 मिमी, जबकि हजारीबाग और सिमडेगा में 2-2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आने वाले कुछ दिन झारखंड के लोगों के लिए बारिश से भरे रहने वाले हैं।

  • मौसम विभाग ने आज रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, दुमका, देवघर और जामताड़ा समेत कुल 15 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बाकी जिलों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। महीने के आखिरी दिन यानी 31 अगस्त को मौसम का तेवर और कड़ा रहेगा। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा और सिंहभूम समेत कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।मॉनसून का यह सिलसिला सितंबर के शुरुआती दो दिनों तक जारी रहेगा। 1 सितंबर को पश्चिमी और मध्य झारखंड के जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि 2 सितंबर को संताल परगना और उत्तरी-छोटा नागपुर के जिलों में भारी बारिश के आसार हैं।
    एक तरफ जहां यह बारिश राहत लेकर आई है, वहीं अगर पूरे सीजन के आंकड़ों पर गौर करें तो झारखंड में अब तक सामान्य से थोड़ी कम बारिश हुई है।

    • झारखंड में मॉनसून आमतौर पर 1 जून से 30 सितंबर तक सक्रिय रहता है, जिसमें सालाना औसतन 1400 मिमी बारिश होती है।1 जून से 29 अगस्त के बीच सामान्य बारिश 786.5 मिमी होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 710.6 मिमी बारिश ही रिकॉर्ड हुई है। यानी राज्य में अब तक सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।हालांकि, राहत की बात यह है कि कुछ जिलों में स्थिति बेहतर है। रांची में सामान्य से 7%, पश्चिमी सिंहभूम में 44%, सिमडेगा में 5%, साहिबगंज में 9% और खूंटी में 2% अधिक बारिश हुई है, जबकि पूर्वी सिंहभूम में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य के करीब पहुंच गया है।इस बीच स्वास्थ्य विभाग ने झारखंड में स्वाइन फ्लू को लेकर भी अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत सभी जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है और अस्पतालों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।