BIG NEWS : पलामू में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की बड़ी कार्रवाई, डाब के बीच छिपाकर रखा था ₹2.20 करोड़ से अधिक का गांजा
पलामू : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹2.20 करोड़ से अधिक बताई गई है. पुलिस ने मौके से दो सगे भाइयों जमशेद आलम और अली रजा को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के अनुसार,28 अगस्त को पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महुरांव गांव में गांजे की बड़ी खेप लाई गई है. सूचना के सत्यापन के बाद छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर महुरांव चौक के समीप छापेमारी की गई.
इस दौरान आइसर ट्रक (OD14AB1072) और टेंपो (BR26PB2661) से गांजा उतारते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया. तलाशी में ट्रक में डाब (नारियल पानी) के बीच छिपाकर रखे 16 प्लास्टिक बोरों में 424 छोटे पैकेट बरामद किए गए,जिनमें कुल 443 किलो गांजा था. डीडी किट से जांच में गांजे की पुष्टि हुई.
पुलिस ने गांजे के साथ दोनों वाहन और ओप्पो व नथिंग कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तस्करी के तार पलामू,बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा से जुड़े होने के संकेत मिले हैं. अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है.
पलामू से नितेश की रिपोर्ट-





