Hindi News / खुले टैंक ने ली दो मासूमों की जान, गुमला के इस गांव में...

JHARKHAND NEWS : खुले टैंक ने ली दो मासूमों की जान, गुमला के इस गांव में छाया सन्नाटा

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

झारखंड के गुमला जिले से एक दिल दहला देने वाली दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के भरनो थाना क्षेत्र के लोंगा गांव में खुले टैंक ने दो मासूमों की जिंदगी निगल ली।मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चों के परिजन घर के पास ही एक शौचालय का टैंक बनवा रहे थे, जिसे खुला छोड़ दिया गया था। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण यह अधूरा और खुला टैंक पानी से पूरी तरह भर चुका था।घटना वाले दिन दोनों बच्चे अपने घर के पास ही खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे दोनों इस खुले टैंक के पास पहुंच गए और पानी से भरे होने के कारण इसमें गिरकर डूब गए, जिससे मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।काफी देर तक जब दोनों बच्चे घर के आसपास नजर नहीं आए, तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई और उन्होंने बच्चों की खोजबीन शुरू की।

खोजबीन के दौरान परिजनों की नजर टैंक के पास पड़ी बच्चों की चप्पलों पर गई। जब उन्होंने शक होने पर टैंक के अंदर झांककर देखा और ग्रामीणों की मदद से तलाश की, तो दोनों बच्चों के शव पानी से बरामद हुए। दो मासूमों के शव एक साथ मिलने से पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इस पूरी घटना को लेकर भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार बच्चों की मौत पानी में डूबने से हुई है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर पर इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत के असली कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी।