JHARKHAND NEWS : दनुआ घाटी फिर बनी मौत की घाटी - तीन वाहनों में भीषण टक्कर, 30 फीट खाई में गिरा ट्रक, चालक-उपचालक की मौके पर मौत
चौपारण, थाना क्षेत्र में जीटी रोड NH-19 पर स्थित कुख्यात दनुआ घाटी में आज फिर मौत ने तांडव मचाया। चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ घाटी में तीन वाहनों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 30 फीट गहरी खाई में पुल के नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक के चालक और उपचालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।स्थानीय आपात मित्र एंबुलेंस चालक शक्ति कुमार ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायलों को अपनी एंबुलेंस से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण पहुंचाया।CHC चौपारण में 3 घायलों का इलाज जारी, जिनमें से 2 की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि दनुआ घाटी के इस तीखे मोड़ और ढलान पर आए दिन हादसे होते हैं, इसीलिए इसे 'मौत की घाटी' कहा जाता है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने की कोशिश शुरू कर दी है।





