Hindi News / BPSC TRE-4 आंदोलन के लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की मांग

छह साल के आदित्य ने DGP विनय कुमार से की मुलाकात : BPSC TRE-4 आंदोलन के लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की मांग

Edited By:  |
6yr k aaditya ne dgp vinay kumar se ki mulakat 6yr k aaditya ne dgp vinay kumar se ki mulakat

पटना: BPSC TRE-4 को लेकर पटना में हुए आंदोलन के दौरान सुर्खियों में आए छह वर्षीय आदित्य कुमार ने रविवार को बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से मुलाकात की. आदित्य अपने माता-पिता और शिवनंदन भारती के साथ पुलिस मुख्यालय स्थित सरदार पटेल भवन पहुंचा और DGP को अपनी मांगों से संबंधित आवेदन सौंपा.

आदित्य ने अपने आवेदन में BPSC TRE-4 आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराने की मांग की है. उसने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और अपने साथ कथित व्यवहार का भी उल्लेख किया. आदित्य का आरोप है कि आंदोलन के दौरान उसे करीब आठ घंटे तक थाने में रखा गया और इस दौरान उसे अपने माता-पिता से मिलने नहीं दिया गया.

DGP से मुलाकात के बाद पुलिस मुख्यालय से बाहर निकले आदित्य ने कहा कि उसने अपनी शिकायत पुलिस महानिदेशक को सौंप दी है. उसके अनुसार, DGP ने बताया कि वह बैठक में जा रहे हैं और लौटने के बाद उसके पत्र को पढ़ेंगे. आदित्य ने कहा कि उसे DGP पर भरोसा है और उम्मीद है कि उसकी मांगों पर कार्रवाई होगी.

आदित्य ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उसके माता-पिता को पुलिस ने मारा,तो क्या वे अपराधी थे. उसने स्पष्ट किया कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह दोबारा आंदोलन करेगा और धरने पर बैठेगा.

BPSC TRE-4 को लेकर पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान आदित्य की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद वह चर्चा में आया था. आंदोलन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव और कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठे थे। अब आदित्य ने सीधे पुलिस मुख्यालय पहुंचकर DGP के समक्ष अपनी मांग रखी है. उसके आवेदन में लगाए गए आरोपों और लाठीचार्ज की परिस्थितियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट