JHARKHAND NEWS : घाटशिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार
.घाटशिला पुलिस को 29 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि मुसाबनी क्षेत्र से कुछ युवक ब्राउन शुगर लेकर घाटशिला थाना क्षेत्र में बिक्री के उद्देश्य से आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में टीम ने घाटशिला थाना क्षेत्र के अमाईनगर पुलिया के समीप घेराबंदी कर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली। जांच में उनके पास से कुल 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय महानंद (19) और आकर्षित कुमार (19) के रूप में हुई है। दोनों मुसाबनी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक काले रंग की मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में घाटशिला थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।





