Hindi News / शिक्षक दिवस पर पटना में लॉन्च होगा शिक्षक समाधान पोर्टल

बिहार के शिक्षकों को बड़ी सौगात : शिक्षक दिवस पर पटना में लॉन्च होगा शिक्षक समाधान पोर्टल

Edited By:  |
BIHAR K SIKSHAK KO BADI SAUGAT BIHAR K SIKSHAK KO BADI SAUGAT

पटना: बिहार के शिक्षकों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए राज्य सरकार नई डिजिटल व्यवस्था शुरू करने जा रही है। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पटना में शिक्षक समाधान पोर्टल लॉन्च किया जाएगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पोर्टल लॉन्च किए जाने की जानकारी दी है। सरकार का दावा है कि इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा।

शिक्षक समाधान पोर्टल के जरिए राज्य के शिक्षक अपनी विभिन्न समस्याओं, शिकायतों और विभाग से जुड़ी परेशानियों को ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज होने के बाद उसके निपटारे की प्रक्रिया की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग की व्यवस्था होगी। इससे शिक्षकों को अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी भी मिल सकेगी।

सरकार ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय सीमा का लक्ष्य निर्धारित किया है। यानी पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों का निर्धारित समय के भीतर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

शिक्षा विभाग शिकायतों के निपटारे की नियमित समीक्षा भी करेगा। संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के साथ लंबित मामलों की निगरानी की जाएगी, ताकि शिक्षकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के मुताबिक, शिक्षक समाधान पोर्टल का उद्देश्य शिक्षकों और शिक्षा विभाग के बीच संवाद को आसान बनाना है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए शिकायतों के निपटारे में तेजी लाने और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।

5 सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर लॉन्च होने वाला यह पोर्टल बिहार के शिक्षकों के लिए सरकार की महत्वपूर्ण डिजिटल पहल मानी जा रही है।