JHARKHAND NEWS : आंदोलन को लेकर राहुल गांधी ने सीएम हेमंत को लिखा पत्र,छात्रों से व्यक्तिगत मुलाकात की अपील
रांची: झारखंड में राज्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। 14 अगस्त 2026 को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रति समर्थन जताते हुए मुख्यमंत्री से छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने की अपील की है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का अहम हिस्सा
राहुल गांधी ने पत्र में कहा है कि शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार भारतीय संविधान में निहित है और यह लोकतंत्र के केंद्रीय स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पेपर लीक और पिछले कुछ महीनों से शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों को अपना पूर्ण समर्थन देती है।
पत्र में राहुल गांधी ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था पर RSS और BJP का कब्जा हो गया है और इसे छात्रों के शोषण और दमन के साधन में बदल दिया गया है।
झारखंड के छात्रों के आंदोलन का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में झारखंड के छात्रों के आंदोलन का विशेष तौर पर जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के छात्र भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने छात्रों के प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बताते हुए उनकी मांगों को जायज बताया है। साथ ही कहा कि झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री द्वारा गठित कमेटी के जरिए छात्रों के साथ बातचीत शुरू की है।
कुछ मांगों पर सहमति, फिर भी जारी है आंदोलन
पत्र में राहुल गांधी ने कहा है कि उन्हें जानकारी है कि छात्रों की कई मांगों पर सरकार और छात्रों के बीच सहमति बनी है। इसके बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अब भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से इस मामले में आगे व्यक्तिगत पहल करने की अपील की है।
सीएम से छात्रों के प्रतिनिधियों से मिलने की अपील
राहुल गांधी ने पत्र के जरिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि वह खुद आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करें।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत मुलाकात से सरकार की ओर से छात्रों की बची हुई चिंताओं को दूर करने और समाधान निकालने की प्रतिबद्धता मजबूत होगी।
युवाओं के समर्थन में कार्रवाई की अपील
पत्र के अंत में राहुल गांधी ने कहा कि भारत के युवा देश का भविष्य हैं। उन्होंने आंदोलन के इस क्षण में छात्रों के प्रति एकजुटता और समर्थन जताते हुए मुख्यमंत्री से उनकी बात सुनने और इस मुद्दे के समाधान के लिए उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।





