झारखंड अग्निशमन सेवा को मिली बड़ी ताकत : सीएम हेमन्त सोरेन ने 58 आधुनिक फायर ब्रिगेड वाहनों को दिखाई हरी झंडी
रांची : झारखंड अग्निशमन सेवा के आधुनिकीकरण की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित समारोह में 58 नवीन एवं आधुनिक अग्निशमन वाहनों का लोकार्पण किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया.
फायर सेफ्टी के प्रति जागरूकता पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि फायर सेफ्टी आज के समय की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है. लोगों को आग लगने की घटनाओं से बचाव और उससे निपटने के उपायों की जानकारी होना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में फायर सेफ्टी से जुड़े आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का प्रदर्शन भी किया गया,जिससे लोगों को नई जानकारी मिली.
बदलती बसावट के अनुसार बदली रणनीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों और शहरों की बसावट तेजी से बदल रही है. शहरों में घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण कई बार बड़े फायर ब्रिगेड वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाते. ऐसे में नई तकनीक से लैस छोटे अग्निशमन वाहन इन इलाकों में अधिक प्रभावी साबित होंगे और आग पर समय रहते काबू पाने में मदद करेंगे.
घरों से लेकर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक सुरक्षा
उन्होंने कहा कि आग लगने की घटनाएं केवल घरों तक सीमित नहीं हैं,बल्कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और ऊंची इमारतों में भी ऐसी घटनाएं होती रहती हैं. इन्हें ध्यान में रखते हुए आधुनिक संसाधनों और तकनीकों को अग्निशमन विभाग से जोड़ा गया है,ताकि हर तरह की आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.
अग्निशमन कर्मी सिर्फ आग नहीं बुझाते, जान भी बचाते हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निशमन विभाग के जवान केवल आग बुझाने का काम नहीं करते,बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जान और संपत्ति की रक्षा भी करते हैं. उन्होंने जवानों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सरकार उन्हें आधुनिक संसाधनों से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
नई तकनीक से और मजबूत होगा विभाग
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि किसी भी आगजनी की घटना पर कम से कम समय में प्रभावी कार्रवाई हो. इसी उद्देश्य से अग्निशमन विभाग को आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक वाहनों से लैस किया जा रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि ये 58 नए वाहन राज्य में आपदा प्रबंधन और अग्निशमन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाएंगे.
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने 58 आधुनिक अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया. इन वाहनों के शामिल होने से राज्य की अग्निशमन सेवा की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है.
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट-





